बाद में वार्ता स्थल पहुंचकर विस्थापितों ने जताई नाराजगी
एन. के. सिंह/बेरमो (बोकारो)। कोयलांचल विस्थापित संघर्ष मोर्चा की ओर से बोकारो जिला के हद में सीसीएल बीएंडके प्रक्षेत्र प्रबंधन को दिए गए 70 सूत्री मांगपत्र के आलोक में 25 अप्रैल को वार्ता में मध्यस्थता करने बेरमो के एसडीएम मुकेश मछुवा पहुंचे। एसडीएम के इंतजार के बाद भी विस्थापित वार्ता करने नहीं पहुंचे।
जानकारी के अनुसार निर्धारित समय लगभग 11:40 बजे करगली आफिसर्स क्लब एसडीएम मछुवा पहुंच गए। वे बीएंडके क्षेत्र के महाप्रबंधक सह विभागाध्यक्ष खनन केएस गैवाल एवं सीसीएल के कई अधिकारियों के साथ विस्थापितों के इंतजार में बैठे रहे, लेकिन जब एक भी विस्थापित नहीं पहुंचे तब लगभग 12:15 बजे एसडीएम व क्षेत्र के एसओ माइनिंग गैवाल सहित सीसीएल के कारो परियोजना पीओ सुधीर कुमार सिन्हा, खान प्रबंधक चिंतामणि मांझी, एसओ सिविल मनोज कुमार शाह, एसओ एचआर पीएन सिंह, पीई ईएंडएम श्याम रतन, मैनेजर एचआर आर पी यादव व नोडल आफिसर मनीष महेश्वरी भी चले गए।
बताया जाता है कि बाद में लगभग 12:20 बजे दर्जनों विस्थापित वार्तास्थल करगली आफिसर्स क्लब पहुंचे और यह कहते हुए नाराजगी जताई कि पांच मिनट और रुक जाते तो क्या हो जाता। विस्थापितों के नेतृत्वकर्ता इंद्रदेव महतो, वतन महतो एवं अहमद हुसैन ने कहा कि अब विस्थापितों का आंदोलन होकर रहेगा। बताया कि आगामी 27 अप्रैल से कोयलांचल विस्थापित संघर्ष मोर्चा के बैनर तले विस्थापितों की ओर से सीसीएल बीएंडके प्रक्षेत्र की कारो परियोजना का अनिश्चित कालीन चक्का जाम आंदोलन किया जाएगा। बताया कि बीते 13 अप्रैल को सीसीएल क्षेत्रीय प्रबंधन को मांग पत्र देकर एसडीएम की मध्यस्थता में वार्ता कराने के लिए आग्रह किया गया था। तब 23 अप्रैल को प्रबंधन ने विस्थापितों को पत्र प्रेषित कर वार्ता के लिए आमंत्रित किया था। उसके तहत 25 अप्रैल को वार्ता हाेने वाली थी।
![]()













Leave a Reply