Advertisement

हरिहरनाथ कॉरिडोर के लिए ₹680 करोड़ स्वीकृत, विकास को मिलेगी नई रफ्तार-रूडी

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर स्थित विश्व प्रसिद्ध बाबा हरिहरनाथ मंदिर को काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की तर्ज पर विकसित करने की योजना को बिहार सरकार ने मंजूरी दे दी है।

सारण के सांसद राजीव प्रताप रूडी ने 23 अप्रैल को बताया कि बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में हरिहरनाथ कॉरिडोर निर्माण के लिए ₹680 करोड़ की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है।

रूडी ने बताया कि ​बिहार सरकार ने धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए सोनपुर के बाबा हरिहरनाथ मंदिर को भव्य कॉरिडोर के रूप में विकसित करने की स्वीकृति दी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में संपन्न कैबिनेट की बैठक में इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए ₹680 करोड़ की भारी-भरकम राशि आवंटित की गई है।

​उन्होंने बताया कि इस परियोजना पर ​कुल बजट: ₹680 करोड़ है, जिसमें केंद्र की स्वदेश दर्शन योजना के तहत पहले से स्वीकृत ₹50 करोड़ भी शामिल है। उन्होंने बताया कि ​मंदिर परिसर और आसपास के लगभग 65,000 वर्ग मीटर क्षेत्र का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। इस कॉरिडोर का निर्माण वाराणसी के काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की तर्ज पर किया जाएगा। कहा कि ​ मुख्य मंदिर परिसर के अलावा गंडक और गंगा नदी के तटों का आधुनिक सौंदर्यीकरण होगा।​

इस परियोजना के तहत श्रद्धालुओं के लिए अत्याधुनिक बुनियादी ढांचा और डिजिटल सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसमें चौड़े रास्ते, बेहतर भीड़ प्रबंधन प्रणाली और रिवर फ्रंट का विकास शामिल है। उन्होंने कहा कि यह न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बनेगा, बल्कि विश्व प्रसिद्ध सोनपुर मेले के दौरान आने वाले लाखों देशी-विदेशी पर्यटकों के लिए आकर्षण का मुख्य केंद्र भी होगा, जिससे स्थानीय बेरोजगारों को रोजगार और अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी।

सांसद कार्यालय सोनपुर के संचालक एवं प्रखर समाजसेवी राजीव मुनमुन ने बताया कि इस योजना का क्रियान्वयन बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम द्वारा किया जाएगा। कहा कि इसके रख-रखाव की जिम्मेदारी अगले 10 वर्षों तक सुनिश्चित की गई है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *