Advertisement

होली क्रॉस स्कूल के वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह में शामिल डीसी ने बढ़ाया उत्साह

बुजुर्गो का सम्मान, सफाईकर्मियों के प्रति संवेदनशील व् लक्ष्य के प्रति रहें समर्पित

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा 28 नवंबर की संध्या जिला के हद में बालीडीह स्थित होली क्रॉस स्कूल में आयोजित वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह में शामिल हुए। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्य, प्रबंधन एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं द्वारा झारखंड की पारंपरिक जनजातीय नृत्य प्रस्तुति के साथ उनका भव्य स्वागत किया गया।

इस अवसर पर दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ डीसी अजय नाथ झा ने किया। समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक एवं सामाजिक संदेशों पर आधारित विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तुत किए। डीसी ने बच्चों की प्रस्तुतियों, मंच संचालन, आत्मविश्वास एवं प्रतिभा की सराहना की। उन्होंने कहा कि बच्चों के चेहरे की मुस्कान और उनके आत्मविश्वास को देखकर उन्हें अपने विद्यालय जीवन की यादें ताजा हो गई। कहा कि विद्यार्थियों की प्रस्तुति में उनकी मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन की झलक दिखाई देती है। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि वे चास स्थित वृद्धाश्रम में नियमित रूप से जाते हैं। वहां एक बुजुर्ग महिला से मुलाकात का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि वह अपने बच्चों से मिलने की प्रतीक्षा कर रही थीं। उनके बच्चे उन्हें वृद्धाश्रम में छोड़ गए थे और लंबे समय से मिलने तक नहीं आए थे।

उपायुक्त ने विद्यार्थियों से कहा कि माता-पिता और बुजुर्गों के लिए समय निकालना हमारी जिम्मेदारी है। जीवन में अच्छी शिक्षा और सफलता के साथ उनके प्रति सम्मान एवं संवेदनशीलता का भाव भी जरूरी है। डीसी ने कहा कि विद्यालय, घर, सड़क और आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने में सफाई कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। किसी भी कार्यक्रम के बाद उसकी साफ-सफाई करने वाले कर्मियों के योगदान को समझना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे सफाई कर्मियों के प्रति सम्मान रखें और उनके कार्य को कभी छोटा न समझें।

 

उन्होंने बेटियों को समाज एवं अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण शक्ति बताते हुए उनकी शिक्षा और आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करने की बात कही। उन्होंने बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक रहने की अपील की। साथ ही विद्यार्थियों को जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने, निरंतर मेहनत करने और किसी भी परिस्थिति में अपने लक्ष्य से विचलित नहीं होने का संदेश दिया।

जिला.उपायुक्त ने अपने विद्यालय जीवन की स्मृतियां साझा करते हुए बताया कि शुरुआती दिनों में उन्हें भी मंच पर अपनी बात रखने में कठिनाई होती थी, लेकिन निरंतर अभ्यास और प्रयास से उनका आत्मविश्वास बढ़ा। उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि जीवन में सफलता और असफलता दोनों आती हैं, लेकिन प्रत्येक अनुभव हमें आगे बढ़ने की सीख देता है। उन्होंने अपने विद्यालय से जुड़ी मदर मैरी की प्रतिमा और उससे जुड़े बचपन के विश्वास एवं स्मृतियों को भी साझा किया। समारोह में विद्यालय प्रबंधन, शिक्षक-शिक्षिका, विद्यार्थी एवं अन्य दर्जनों गणमान्य उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *