केंद्रीय वन बचाव समिति अध्यक्ष ने आमजनों से पहुंचने का किया आह्वान
रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के हिसिम स्थित महादेव बेड़ा में आगामी 2 सितंबर को पेड़ों पर रक्षाबंधन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। पर्यावरण एवं वन संरक्षण के प्रति आमजनों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में डीएफओ बोकारो नीतीश कुमार एवं पेटरवार आरएफओ संदीप सिंघे मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगे। उक्त जानकारी केंद्रीय वन बचाव समिति अध्यक्ष विष्णु चरण महतो ने 29 अगस्त को दी।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान पेड़ों को रक्षा सूत्र बांधकर उनकी सुरक्षा एवं संरक्षण का संकल्प लिया जाएगा। आयोजन के माध्यम से आमजनों को यह संदेश दिया जाएगा कि जिस प्रकार भाई-बहन के रिश्ते में रक्षा का संकल्प लिया जाता है, उसी प्रकार पेड़-पौधों की भी रक्षा करना समाज की जिम्मेदारी है। कहा कि पेड़ पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के साथ मानव जीवन के लिए ऑक्सीजन, छाया और अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराते हैं।
केंद्रीय वन बचाव समिति अध्यक्ष महतो ने कहा कि पेड़-पौधे केवल जंगल की संपदा नहीं, बल्कि मानव जीवन के आधार हैं। आज पर्यावरण में तेजी से हो रहे बदलाव के बीच पेड़ों का संरक्षण पहले से कहीं अधिक जरूरी हो गया है। इसी उद्देश्य से महादेव बेड़ा में पेड़ों पर रक्षाबंधन कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पेड़ों को रक्षा सूत्र बांधने का कार्यक्रम केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि प्रकृति की रक्षा का संकल्प और समाज को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करने का अभियान है। उन्होंने कहा कि यदि आज हम पेड़ों की रक्षा करेंगे, तभी आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ हवा, पानी और बेहतर पर्यावरण मिल सकेगा।
महतो ने कहा कि वन एवं पर्यावरण की रक्षा किसी एक या संस्था की जिम्मेदारी नहीं है। इसमें ग्रामीणों, युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों और समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने क्षेत्र के सभी रहिवासियों से अपील करते हुए कहा कि आगामी 2 सितंबर को महादेव बेड़ा में आयोजित कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचें और पेड़ों को रक्षा सूत्र बांधकर उनके संरक्षण का संकल्प लें।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम को जनभागीदारी का रूप देकर पर्यावरण संरक्षण का मजबूत संदेश पूरे क्षेत्र में पहुंचाया जाएगा। उन्होंने सभी सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों एवं पर्यावरण प्रेमियों से भी कार्यक्रम में शामिल होने का आह्वान किया। बताया कि कार्यक्रम में पर्यावरण संरक्षण, वन सुरक्षा एवं पेड़-पौधों के महत्व को लेकर आमजनों को जागरूक किया जाएगा। आयोजकों एवं केंद्रीय वन बचाव समिति ने क्षेत्रवासियों से अपील की है कि वे परिवार एवं समाज के प्रबुद्ध जन के साथ कार्यक्रम में शामिल होकर पेड़ों की रक्षा और पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प लें।
![]()













Leave a Reply