Advertisement

सोनपुर रेल मंडल में स्वच्छता ही सेवा अभियान में अधिकारी, कर्मियों ने ली स्वच्छता शपथ

एडीआरएम के नेतृत्व में रेलकर्मियों ने लिया सौ घंटे श्रमदान का संकल्प

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। पूर्व मध्य रेलवे के हद में सोनपुर रेल मंडल में 17 सितंबर को स्वच्छता ही सेवा – 2026, स्वच्छता पखवाड़ा और स्पेशल कैंपेन 6.0 के तहत स्वच्छता शपथ समारोह का आयोजन किया गया।

सोनपुर के मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक (एडीआरएम) सुमन कुमार तांती के नेतृत्व में सभी शाखा अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में रेलकर्मियों ने स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ भारत के निर्माण के लिए सामूहिक शपथ ली। शपथ के दौरान सभी ने अपने घर, कार्यस्थल, मोहल्ला, गांव और शहर को स्वच्छ रखने, साल में 100 घंटे यानी प्रति सप्ताह 2 घंटे श्रमदान करने, खुद गंदगी न करने और दूसरों को भी स्वच्छता के प्रति प्रेरित करने का संकल्प लिया। साथ ही स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने और कम से कम 100 अन्य जनों को शपथ दिलाने का भी संकल्प लिया गया।

इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक तांती ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि हर देशवासियों का नैतिक कर्तव्य है। जनभागीदारी से ही स्वच्छ भारत का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। इधर रेल मंडल के अस्पताल, हाजीपुर पॉलीक्लिनिक, सोनपुर, हाजीपुर, बेगूसराय, बरौनी, खगड़िया, मानसी, खगड़िया रेलवे कॉलोनी, गढ़हरा रेलवे कॉलोनी, नवगछिया सहित रेल मंडल के अन्य कार्यालयों और स्टेशनों पर भी रेलकर्मियों ने स्वच्छता की शपथ ली।

जानकारी के अनुसार गढ़हरा स्थित रेलवे कॉलेज में छात्रों को सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही बायो टॉयलेट, वाटर रीसाइक्लिंग प्लांट और ईटीपी के बारे में भी बताया गया। गौरतलब है कि स्वच्छता ही सेवा अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक, स्वच्छता पखवाड़ा एक से 15 अक्टूबर तक तथा स्पेशल कैंपेन 6.0 अभियान 2 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक चलाया जाएगा। इस दौरान सोनपुर रेल मंडल में स्वच्छता और जागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *