Advertisement

सोनपुर रेल मंडल के 7 स्टेशनों व् 8 कॉलोनियों में चला विशेष स्वच्छता अभियान

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। पूर्व मध्य रेलवे के हद में सोनपुर रेल मंडल में स्वच्छता ही सेवा-2026 अभियान के तहत व्यापक स्तर पर जन जागरूकता और सफाई अभियान चलाया गया।

सोनपुर रेल मंडल प्रशासन द्वारा 19 सितंबर को जारी विज्ञप्ति के अनुसार इस अभियान के लिए रेल मंडल के 7 प्रमुख स्टेशनों और 8 रेलवे कॉलोनियों को चिन्हित किया गया है। इसके तहत सोनपुर, हाजीपुर, बरौनी, बेगूसराय, खगड़िया, मानसी और नवगछिया स्टेशनों पर यात्रियों एवं रेलकर्मियों को स्वच्छता का महत्व, कचरा पृथक्करण (गीला-सूखा कचरा अलग करना) तथा स्टेशन परिसर को प्लास्टिक मुक्त बनाए रखने के प्रति जागरूक किया गया।

इसी क्रम में रेल मंडल के सोनपुर, हाजीपुर, बरौनी, गढ़हारा, बेगूसराय, खगड़िया, मानसी और नवगछिया स्थित रेलवे कॉलोनियों में स्वच्छता रैलियां निकाली गई तथा जनसंपर्क कर विशेष सफाई गतिविधियां आयोजित की गईं। अभियान के दौरान रेल मंडल में कचरा जमा होने वाले स्थानों (ब्लैक स्पॉट) को चिन्हित कर वहां विशेष सफाई अभियान चलाकर कचरे का निष्पादन कराया गया। मौके पर स्थानीय रहिवासियों और रेलकर्मियों को स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संदेश भी दिया गया।

विज्ञप्ति के अनुसार सोनपुर रेल मंडल प्रशासन ने रेल यात्रियों, रेलकर्मियों और आम रहिवासियों से अपील की है कि वे स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं और स्वच्छ एवं स्वस्थ भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाएं।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *