अगले 3 और 5 साल के लिए मिलेगी स्टॉल लगाने की अनुमति
अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में विश्व प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले के मुख्य आकर्षण और उमड़ने वाली भारी भीड़ के बीच, पूर्व मध्य रेलवे के सोनपुर रेल मंडल ने यात्रियों की सुविधा और रेलवे के गैर-किराया राजस्व को बढ़ावा देने के लिए एक और बड़ा निर्णय लिया है। सोनपुर रेल मंडल के स्टेशनों के साथ-साथ अब सोनपुर मेला के आसपास रेल क्षेत्र में विभिन्न स्टॉलों के संचालन हेतु 3 एवं 5 वर्षों की अवधि के लिए ई-नीलामी की तिथियां निर्धारित कर दी गई हैं।
यह पहल मेला क्षेत्र में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई है। रेल महकमा ने इसके लिए तिथियों एवं कार्यक्रम का निर्धारण किया है। इसके तहत आगामी 5 नवंबर को रेलग्राम स्टेशन पर कैंटीन एवं गेमिंग जोन तथा रेल मंडल के शाहपुर पटोरी स्टेशन पर 2 एनएफआर स्टॉलों के लिए ई-नीलामी होगी। वहीं आगामी 10 नवंबर को बेगूसराय स्टेशन पर 5 वर्षों के लिए एसी वेटिंग हॉल और विशेष रूप से सोनपुर मेला के आसपास विभिन्न स्टॉलों के संचालन हेतु 3 एवं 5 वर्षों की अवधि के लिए ई-नीलामी आयोजित की जाएगी। जबकि, आगामी 14 नवंबर को शाहपुर पटोरी, दलसिंहसराय और बरौनी स्टेशनों पर 3 वर्षों की अवधि के लिए एनएफआर स्टॉलों की ई-नीलामी होगी।
कहा गया कि इस पारदर्शी ई-नीलामी प्रक्रिया में भाग लेने के इच्छुक व्यापारी, व्यक्ति एवं संस्थाएं नियम, शर्तें और पात्रता से जुड़ी विस्तृत जानकारी भारतीय रेलवे ई-प्रोक्योरमेंट सिस्टम (आईआरईपीएस) के आधिकारिक पोर्टल www.ireps.gov.in से प्राप्त कर सकते हैं।
![]()













Leave a Reply