Advertisement

सीएम के संभावित दौरे को ले डीएम-एसएसपी ने की मेला तैयारियों की समीक्षा

प्रकाश, सुरक्षा, यातायात, पेयजल और स्वच्छता समय से पूरी करने का निर्देश

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में विश्व प्रसिद्ध हरिहरक्षेत्र सोनपुर मेला के भव्य एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसे लेकर 18 नवंबर को सोनपुर अनुमंडल कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी (डीएम) वैभव श्रीवास्तव एवं वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) रौशन कुमार ने संयुक्त रूप से तैयारियों की समीक्षा की। बैठक में मुख्यमंत्री (सीएम) सम्राट चौधरी की संभावित यात्रा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने तथा सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में डीएम ने मुख्यमंत्री के संभावित आवागमन मार्ग पर आकर्षक प्रकाश व्यवस्था, सभी स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत तथा पंडालों की अग्नि, विद्युत एवं संरचनात्मक सुरक्षा जांच कर प्रमाण पत्र लेने को कहा। मेला क्षेत्र में पर्याप्त शौचालय, यूरिनल, पेयजल स्टैंड पोस्ट, साफ-सफाई और आकर्षक तोरण द्वार बनाने का निर्देश दिया गया। इन सुविधाओं की गूगल लोकेशन भी साझा करने को कहा गया। बैठक में मेला क्षेत्र में समुचित वाहन पार्किंग, बैरिकेडिंग और यातायात प्रबंधन को दुरुस्त रखने पर जोर दिया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रम, गंगा आरती, 3डी वर्चुअल प्रदर्शन, कंट्रोल रूम और पशु मेला की तैयारियों की भी समीक्षा की गयी। बैठक में पशुओं के उपचार के लिए मोबाइल वेटरनरी यूनिट उपलब्ध कराने को कहा गया।

बैठक में मुख्यमंत्री के संभावित उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर मंच, हैंगर और मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम की तैयारी के साथ मेला की वेबसाइट एवं चैटबॉट के लोकार्पण की व्यवस्था समय से पूरी करने का निर्देश दिया गया। मौके पर डीएम और एसएसपी ने स्पष्ट किया कि तैयारियों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सोनपुर मेले में मिलेगा बिहार के सभी 38 जिलों के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद

जानकारी के अनुसार विश्व प्रसिद्ध हरिहरक्षेत्र सोनपुर मेला में इस बार पर्यटकों एवं श्रद्धालुओं को बिहार के सभी 38 जिलों के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद चखने का अवसर मिलेगा। इसके लिए मेला परिसर में विशेष फूड कोर्ट विकसित किया जा रहा है, जहां विभिन्न जिलों के विशिष्ट पकवानों एवं स्थानीय खाद्य उत्पादों के स्टॉल लगाए जाएंगे।

जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने सभी 38 जिलों के पारंपरिक व्यंजनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। इसके लिए संबंधित जिलों के पदाधिकारियों, वेंडरों एवं संस्थाओं से समन्वय किया जा रहा है। विज्ञापन के माध्यम से भी इच्छुक वेंडरों को आमंत्रित किया जा रहा है। इस पहल से बिहार की विविध खान-पान संस्कृति को पहचान मिलेगी और स्थानीय उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं बिक्री का अवसर प्राप्त होगा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *