Advertisement

सीएम के पैतृक आवास पहुंचकर पूर्व विधायक ने सीएम की माँ के निधन पर जताया शोक

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में गोमिया के पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पैतृक आवास में मिलकर उनकी माता रूपी सोरेन के निधन पर शोक व्यक्त किया।

ज्ञात हो कि, दिशोम गुरु शिबू सोरेन की धर्मपत्नी एवं झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माताश्री स्वर्गीय रूपी सोरेन के निधन से पूरे झारखंड में शोक की लहर है। उनके निधन के उपरांत 9 अक्टूबर को गोमिया के पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से उनके पैतृक आवास रामगढ़ जिला के हद में गोला प्रखंड के नेमरा जाकर उनसे मुलाकात की तथा अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की। पूर्व विधायक ने यहां दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की।

सीएम के पैतृक आवास पर हुई इस मुलाकात के दौरान डॉ महतो ने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की। कहा कि मां को खोने का दुःख शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। मां का स्थान जीवन में कोई नहीं ले सकता और उनका निधन परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय रूपी सोरेन का स्नेह, ममता और मार्गदर्शन परिवार के लिए सदैव प्रेरणा स्रोत रहेगा।

पूर्व विधायक ने कहा कि यह सोरेन परिवार के लिए अत्यंत पीड़ादायक और दु:खद घड़ी है। इस कठिन समय में झारखंड की जनता और वे स्वयं सीएम हेमंत सोरेन तथा समस्त सोरेन परिवार के साथ खड़े हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान उन्हें धैर्य बनाए रखने का भरोसा दिलाया और कहा कि दु:ख की इस घड़ी में परिवार को संबल प्रदान करना सभी की जिम्मेदारी है।

उन्होंने दिवंगत रूपी सोरेन के व्यक्तित्व को याद करते हुए कहा कि उन्होंने परिवार को हमेशा एकजुट रखने और सामाजिक मूल्यों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके निधन से परिवार के साथ-साथ समाज को भी गहरी क्षति हुई है। डॉ महतो ने कहा कि दिवंगत माताश्री का सरल, स्नेहपूर्ण और ममतामयी व्यवहार हमेशा झारखंडवासियों के स्मरण में रहेगा।

इस अवसर पर उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति दें। कहा कि दिवंगत आत्मा की शांति के लिए सभी को प्रार्थना करनी चाहिए और परिवार को इस कठिन समय में मानसिक एवं भावनात्मक संबल का आदान प्रदान करना चाहिए।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *