Advertisement

राष्ट्रीय खेल दिवस पर फुटबॉल टूर्नामेंट में खैराचातर टीम बना विजेता

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 29 अगस्त को सहयोगिनी की ओर से किशोरी नेतृत्व विकास कार्यक्रम के तहत बोकारो जिला के हद में कसमार में फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में क्षेत्र की किशोरियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। टूर्नामेंट का उद्देश्य किशोरियों में नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, आत्मविश्वास और खेल के प्रति रुचि को बढ़ावा देना रहा।

जानकारी के अनुसार प्रतियोगिता के पहले मैच में खैराचातर की टीम ने टांगटोना की टीम को शानदार प्रदर्शन करते हुए 4-0 से हराया। दूसरे मैच में बगदा की टीम ने दुर्गापुर की टीम को 2-1 से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। फाइनल मुकाबला खैराचातर और बगदा की टीम के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में खैराचातर की टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए बगदा की टीम को 2-0 से हराकर टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया।

इस अवसर पर सहयोगिनी के समन्वयक प्रकाश कुमार महतो ने कहा कि खेल केवल शारीरिक स्वास्थ्य के लिए ही नहीं, बल्कि किशोरियों के व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता और निर्णय लेने की क्षमता को मजबूत करने का भी प्रभावी माध्यम है। समन्वयक कुमारी किरण ने कहा कि किशोरियों को खेल के माध्यम से आगे बढ़ने का अवसर मिलने से उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन और टीम भावना विकसित होती है। हमारा प्रयास है कि किशोरियां खेल के साथ-साथ शिक्षा, नेतृत्व और सामाजिक बदलाव के क्षेत्र में भी अपनी मजबूत पहचान बनाएं।

फुटबॉल कोच सिमति किस्कु ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की किशोरियों में फुटबॉल को लेकर काफी प्रतिभा और उत्साह है। नियमित अभ्यास, उचित मार्गदर्शन और प्रतियोगिताओं में भागीदारी से इन खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिल सकते हैं। उन्होंने कहा कि आज खिलाड़ियों ने जिस अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास के साथ खेल का प्रदर्शन किया, वह सराहनीय है। खेल के माध्यम से किशोरियां न केवल अपनी प्रतिभा को पहचान रही हैं, बल्कि नेतृत्व करना और चुनौतियों का सामना करना भी सीख रही हैं।

इस दौरान सहयोगिनी द्वारा विजेता तथा उपविजेता टीम को पारितोषिक देकर पुरस्कृत किया गया। मौके पर संस्था की एनिमेटर बिनीता देवी, पुष्पा देवी, संगीता देवी, रेखा देवी, संजना कुमारी, मालती कुमारी, मायावती कुमारी, गुलाबी कुमारी, नाख्तरी बेगम, सना परवीन, जुबेदा खातून, रानी परवीन, सुप्रिया कुमारी, सविता कुमारी, कीर्ति कुमारी, कृतिका, रेशमी कुमारी आदि मौजूद रहे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *