एस. पी. सक्सेना/बोकारो। झारखंड की राजधानी रांची स्थित खेलगांव में 28 नवंबर को राज्य स्थापना पखवाड़ा के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री (सीएम) हेमंत सोरेन ने बोकारो जिले की ओर से लगाए गए स्टॉल का अवलोकन किया।
बोकारो जिला जनसंपर्क विभाग के अनुसार इस दौरान सीएम ने बोकारो जिले की पारंपरिक कला, सांस्कृतिक विरासत, पर्यटन स्थलों एवं स्थानीय आर्थिक गतिविधियों पर आधारित प्रदर्शनी का जायजा लिया तथा प्रस्तुत विषयों की जानकारी प्राप्त की।
बताया गया कि प्रदर्शनी में बोकारो जिले की ओर से लगाये गये स्टॉल में तीन प्रमुख विषयों को केंद्र में रखकर विशेष प्रस्तुति दी गई। इसमें एक जिला, एक उत्पाद, एक जिला, एक पर्यटन स्थल एवं एक जिला, एक आर्थिक गतिविधि की थीम के माध्यम से जिले की विशिष्ट पहचान, स्थानीय संसाधनों एवं संभावनाओं को प्रदर्शित किया गया।

एक जिला, एक उत्पाद के तहत बोकारो की पारंपरिक काष्ठ कला को प्रमुखता दी गई। काष्ठ कला पर आधारित विशिष्ट कलाकृतियों के माध्यम से स्थानीय कारीगरों की रचनात्मक प्रतिभा, पारंपरिक हुनर एवं समृद्ध शिल्प परंपरा को दर्शाया गया। साथ ही, इस कला के जरिए स्वरोजगार, आजीविका संवर्धन एवं स्थानीय कारीगरों को प्रोत्साहित करने की संभावनाओं को भी रेखांकित किया गया। एक जिला, एक पर्यटन स्थल के तहत संताल आदिवासी समुदाय के प्रमुख धार्मिक स्थल जिला के हद में ललपनिया स्थित लुगुबुरू घंटाबाड़ी धोरोमगढ़ को प्रदर्शित किया गया।
इसके माध्यम से इस ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थल की आध्यात्मिक महत्ता, जनजातीय आस्था, परंपरा एवं समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को सामने रखा गया। वहीं, एक जिला, एक आर्थिक गतिविधि के तहत जिले की प्रमुख आर्थिक गतिविधियों, स्थानीय आजीविका एवं स्वरोजगार की संभावनाओं को प्रदर्शित किया गया। आयोजित प्रदर्शनी के माध्यम से बोकारो जिले की कला, संस्कृति, पर्यटन एवं आर्थिक विशिष्टताओं को राज्य स्तरीय मंच पर प्रस्तुत करते हुए जिले की पहचान को व्यापक स्तर पर स्थापित करने का प्रयास किया गया है।
![]()













Leave a Reply