प्रहरी संवाददाता/पेटरवार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में पेटरवार प्रखंड के बुंडू पंचायत में नशामुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से बीते 20 सितंबर को बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बुंडू पंचायत की मुखिया निहारिका सुकृति ने की। इस दौरान पंचायत स्तर पर नव चेतना युवा क्लब का गठन किया गया।
पेटरवार स्थित भारत माता विवाह भवन में आयोजित बैठक में युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा गांव और समाज को नशामुक्त बनाने के लिए अभियान को व्यापक स्तर पर चलाने पर चर्चा की गयी। क्लब के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने और समाज में जागरूकता फैलाने का निर्णय लिया गया।
नव चेतना युवा क्लब बुंडू के लिए खुशी कुमारी को अध्यक्ष, सुजाता कुमारी को उपाध्यक्ष, कोमल कुमारी को सचिव और अंजू कुमारी को कोषाध्यक्ष चुना गया। वहीं दीपिका कुमारी, पूजा कुमारी, सुमित कुमार, ओम कुमार, सुहाना कुमारी, उत्तम कुमार और अंश कुमार को सदस्य बनाया गया। बैठक में उपस्थित गणमान्य जनों ने समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर पंचायत की मुखिया निहारिका सुकृति ने कहा कि नशे की बढ़ती प्रवृत्ति युवाओं के भविष्य के साथ-साथ परिवार और समाज को भी प्रभावित करती है। इसके खिलाफ सामूहिक जागरूकता और युवाओं की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि नशामुक्ति अभियान को पंचायत के विभिन्न गांवों तक पहुंचाकर अधिक से अधिक रहिवासियों को इससे जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
![]()













Leave a Reply