Advertisement

प्रेमचंद रंगशाला में समर्पण सांस्कृतिक कार्यक्रम, भावनात्मक प्रस्तुतियों ने किया भावुक

एस. पी. सक्सेना/पटना (बिहार)। बिहार की राजधानी पटना के प्रेमचंद रंगशाला में 24 अक्टूबर को रॉक एन रोल आर्ट, कलाकृति, क्राफ्ट स्कूल एवं ज्योति सांस्कृतिक मंच के संयुक्त तत्वावधान में सांस्कृतिक कार्यक्रम समर्पण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कला, संगीत, नृत्य, लोक परंपरा और मानवीय रिश्तों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया।

जानकारी कलाकार साझा संघ के सचिव, रंगकर्मी मनीष महीवाल ने दी। कहा कि कार्यक्रम का उद्घाटन राज्य के मंत्री डॉ प्रमोद कुमार चंद्रवंशी, अशोक चौधरी, वरुण कुमार सिंह, ऋतु गुप्ता रॉय, आलोक रॉय, सपना हुसैन तथा संस्था के निदेशक ऋषि कुमार सहित अन्य अतिथियों ने वंदे मातरम् के सामूहिक गायन और दीप प्रज्वलन के साथ किया। अतिथियों को अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।

महीवाल ने बताया कि कार्यक्रम की विशेष प्रस्तुति दिवंगत अमित कुमार राय की स्मृति को समर्पित रही। उनके चित्र पर पुष्पांजलि के बाद छोटी बच्ची ऋषा कश्यप ने अमित कुमार राय के साथ बड़े पापा और बेटी के रिश्ते को मंच पर प्रस्तुत किया। इस मार्मिक प्रस्तुति ने दर्शकों को भावुक कर दिया।

कार्यक्रम की शुरुआत समवेतनाद की गणेश वंदना एवं स्वस्तिवाचन से की गयी। इसके बाद बच्चों ने कथक नृत्य प्रस्तुत किया। लोक गायक सत्येंद्र कुमार ने लोक संगीत से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। विश्व प्रसिद्ध बांसुरी वादक उस्ताद डॉ मुजतबा हुसैन ने शास्त्रीय संगीत की प्रथम प्रस्तुति भक्ति रस में राग दुर्गा में विलंबित झपताल एवं मध्य-द्रुत तीन ताल में अपने साले साहब को सांगीतिक श्रद्धांजली दी।

तत्पश्चात्‌ वैष्णव ज़नतो भजन इसके बाद दिवंगत आत्मा अमित रॉय के पसंदीदा बॉलीवुड नग्मे तू ही रे, रोजा जानेमान फ्यूजन और ग़ज़ल चिट्ठी न कोई संदेश सहित विभिन्न धुनों से कार्यक्रम को यादगार बना दिया। तबला संगति कर डॉ श्याम मोहन ने दर्शकों को अपनी ओर आकर्षित किया। ज्ञात हो कि उस्ताद मुजतबा लगभग 300 फ़िल्मों में बांसुरी बजाया है। आभाष मिश्रा ने भी संगीतमय प्रस्तुति दी। वहीं रॉक एन रोल आर्ट एंड क्राफ्ट स्कूल के बच्चों ने विभिन्न नृत्य प्रस्तुतियां दीं। छावा पर आधारित प्रस्तुति के साथ बच्चों और अभिभावकों ने मिथिला एवं बिहार की लोक संस्कृति पर आधारित सामा-चकेवा की मनमोहक प्रस्तुति दी। चांदनी के प्रशिक्षण में बच्चों ने मन्ना डे, मोहम्मद रफी और लता मंगेशकर के सदाबहार गीतों पर नृत्य प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम में विभिन्न गतिविधियों के प्रशिक्षकों और आयोजन में सहयोग देने वाले संस्थानों एवं गणमान्य जनों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम ने सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से संवेदनशीलता, पारिवारिक मूल्यों और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का संदेश दिया। अंत में संस्था के निदेशक ऋषि कुमार ने सभी अतिथियों, कलाकारों, प्रशिक्षकों, अभिभावकों, सहयोगियों एवं दर्शकों के प्रति आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *