अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर स्थित लोक सेवा आश्रम परिसर में बीते 20 सितंबर को आश्रम के व्यवस्थापक संत विष्णुदास उदासीन उर्फ मौनी बाबा के नेतृत्व में उदासीन संप्रदायाचार्य श्रीचंद भगवान का जन्मोत्सव श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया।
बताया जाता है कि इस अवसर पर श्रीचंद भगवान के जन्मोत्सव को प्रकाश पर्व के रूप में मनाते हुए आश्रम परिसर में विधि-विधान से हवन-पूजन एवं धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर श्रीचंद भगवान के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की। पंडित अखिलेश की देखरेख में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन एवं पूजन संपन्न कराया गया।
आश्रम परिसर में आयोजित धार्मिक कार्यक्रम के दौरान वातावरण भक्तिमय बना रहा। वहीं, भोला सिंह के नेतृत्व में उनकी मंडली द्वारा धर्मग्रंथ रामचरित मानस के सुंदरकांड का पाठ किया गया। श्रद्धालुओं ने सुंदरकांड पाठ में शामिल होकर सामूहिक रूप से भक्ति का आनंद लिया। इस अवसर पर मौनी बाबा ने कहा कि श्रीचंद भगवान का जीवन त्याग, तपस्या, सेवा और आध्यात्मिक चेतना का संदेश देता है। कहा कि उनका जन्मोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज में सत्य, सदाचार, सेवा और मानव कल्याण की भावना को मजबूत करने का अवसर है।
उन्होंने कहा कि प्रकाश पर्व का उद्देश्य मनुष्य के भीतर के अज्ञान और नकारात्मकता को दूर कर ज्ञान, भक्ति और सद्भाव का प्रकाश फैलाना है। उन्होंने श्रद्धालुओं से श्रीचंद भगवान के बताए आध्यात्मिक एवं मानवीय मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया। जानकारी के अनुसार आश्रम परिसर स्थित सूर्य मंदिर एवं शनिदेव मंदिर में भी अनिल झा द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना कराई गई। धार्मिक अनुष्ठान के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया तथा भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में उनके अनुयायी तथा श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम में आश्रम से जुड़े अनिल सिंह गौतम, हरिमोहन यादव, नरेश सिंह, धर्मनाथ महतो, सत्येंद्र शर्मा, धर्मनाथ शर्मा, विश्वनाथ सिंह, अभय कुमार सिंह सहित अनेक श्रद्धालु एवं स्थानीय रहिवासी उपस्थित रहे। दिनभर आश्रम परिसर में भक्ति और आध्यात्मिक माहौल बना रहा।
![]()













Leave a Reply