रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में पीएमश्री एस.एस. +2 हाई स्कूल कसमार में 24 अक्टूबर को एक्स्ट्रा मार्क्स के स्टेट प्रोजेक्ट मैनेजर राज करण एवं डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर राजकुमार द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने विद्यालय में संचालित आईसीटी लैब, स्मार्ट क्लास एवं डिजिटल शिक्षण व्यवस्था का जायजा लिया।
जानकारी के अनुसार निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने कंप्यूटर लैब में विद्यार्थियों की शैक्षणिक गतिविधियों का अवलोकन किया तथा डिजिटल माध्यम से संचालित शिक्षण व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक एवं आईसीटी शिक्षक से बातचीत कर कंप्यूटर शिक्षा, स्मार्ट क्लास के संचालन और विद्यार्थियों को डिजिटल संसाधनों के माध्यम से शिक्षा प्रदान करने से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।
बताया जाता है कि विद्यालय में उपलब्ध आईसीटी सुविधाओं, कंप्यूटर शिक्षा के व्यावहारिक उपयोग तथा स्मार्ट क्लास के माध्यम से पढ़ाई को प्रभावी बनाने के प्रयासों की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने विद्यालय की आईसीटी व्यवस्था एवं डिजिटल शिक्षण गतिविधियों पर सकारात्मक फीडबैक दिया। उनके इस सकारात्मक फीडबैक से विद्यालय में तकनीक आधारित शिक्षा को प्रोत्साहन मिला।
ज्ञात हो कि वर्तमान तकनीकी युग में डिजिटल शिक्षा विद्यार्थियों के ज्ञान एवं कौशल विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। आईसीटी लैब और स्मार्ट क्लास के माध्यम से विद्यार्थियों को कंप्यूटर का व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त करने के साथ-साथ आधुनिक शिक्षण संसाधनों का लाभ मिलता है। विद्यालय में इन सुविधाओं का उपयोग विद्यार्थियों को डिजिटल तकनीक से जोड़ने और उनकी सीखने की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाने में सहायक है। औचक निरीक्षण विद्यालय में संचालित आईसीटी एवं डिजिटल शिक्षण व्यवस्था की समीक्षा करने तथा शिक्षा में तकनीक के प्रभावी उपयोग को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण रहा।
इस दौरान विद्यालय में प्रभारी प्रधानाध्यापक रामबाबू शुक्ल, पीएमश्री कसमार के नोडल शिक्षक डॉ अवनीश कुमार झा, डॉ जितेंद्र कुमार सिंह, मो. खुर्शीद रजा, आईसीटी इंस्ट्रक्टर नितेश कुमार प्रजापति एवं महताब खातून उपस्थित रहे।
![]()













Leave a Reply