Advertisement

गट्टीगाढ़ा में तालाब में डूबने से राजमिस्त्री की मौत, पानी कम कर दूसरे दिन शव निकाला

प्रहरी संवाददाता/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के दांतू पंचायत गट्टीगाढ़ा गांव में तालाब में डूबने से बीते 23 अक्टूबर को 70 वर्षीय राजमिस्त्री महावीर महतो की मौत हो गई।

बताया जाता है कि बीते 23 अक्टूबर की सुबह लगभग नौ बजे नहाने के दौरान महावीर गहरे पानी में चले गए थे। दिनभर तलाश करने के बाद भी उनका पता नहीं चल सका। अंततः दूसरे दिन 24 अक्टूबर को जेसीबी की मदद से तालाब का पानी कम करने के बाद उनका शव बरामद किया गया। घटना के बाद गांव में शोक की लहर है।

स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार राजमिस्त्री महावीर महतो सुबह दांतू गांव से लौट रहे थे। इस दौरान रोजाना की तरह नहाने के लिए गांव के तालाब में चले गए। तालाब काफी गहरा है और उन्हें तैरना नहीं आता था। नहाने के दौरान असंतुलित होकर वे गहरे पानी में चले गए और डूब गए।

घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीणों और स्थानीय गोताखोरों ने पूरे दिन तालाब में उनकी तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद दूसरे दिन ग्रामीणों ने जेसीबी की मदद से तालाब के एक हिस्से को काटकर पानी निकालने की व्यवस्था की। पानी का स्तर कई फुट तक कम होने के बाद मृतक का शव बाहर निकाला जा सका। सूचना मिलने पर कसमार पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक पेशे से राजमिस्त्री थे। वे अपने पीछे चार पुत्रों और दो पुत्रियों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं।

इधर महावीर महतो के निधन पर भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य लक्ष्मण कुमार नायक, दांतू पंचायत के मुखिया चंद्रशेखर नायक, पंचायत समिति सदस्य नागेंद्र कुमार तथा झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के वरिष्ठ नेता दीपक कुमार नायक सहित अन्य ने शोक व्यक्त किया है। नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने दिवंगत महतो के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। घटना के बाद गट्टीगाढ़ा गांव में शोक व्याप्त है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *