Advertisement

पांच दिवसीय भास्कर पूजन सह छठ पूजा महापर्व कलश यात्रा में उमड़े श्रद्धालु

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में पेटरवार प्रखंड अंतर्गत बुंडू पंचायत के पटवा टोला में भास्कर सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित श्रीश्री 108 सार्वजनिक पांच दिवसीय नित्य भास्कर पूजन एवं छठ पूजा महोत्सव का शुभारंभ 12 नवंबर को भव्य कलश यात्रा के साथ किया गया।

कलश यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु महिलाएं एवं पुरुष शामिल हुए। पूरे क्षेत्र में भक्तिमय माहौल देखने को मिला। कलश यात्रा पटवा टोला स्थित पुजा स्थल से प्रारंभ होकर कसमार रोड, पूजा भंडार गली, मठ टोला, बक्सी टोला एवं खत्री टोला होते राजा तालाब पहुंची। यहां आचार्य शंकर दास गुरु द्वारा विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना कर श्रद्धालुओं ने कलश में पवित्र जल भरा। इसके बाद कलश यात्रा बनर्जी टोला, सहाय टोला, रजक टोला एवं नवा टोला होते पुनः भास्कर पूजा स्थल पहुंची, जहां विधिवत पूजा-अर्चना के बाद कलश स्थापित किया गया।

इस पावन अवसर पर गोमिया के पूर्व विधायक डॉ लंबोदर महतो, बुंडू पंचायत की मुखिया निहारिका सुकृति एवं पेटरवार पंचायत समिति सदस्य रश्मि सेठी कलश यात्रा में शामिल होकर भगवान सूर्यदेव से प्रार्थना कर क्षेत्र में सुख-समृद्धि, शांति, खुशहाली एवं मंगलमय जीवन की कामना की। पांच दिवसीय सूर्य महायज्ञ को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। पूरा क्षेत्र धार्मिक आस्था और भक्ति के रंग में सराबोर है।

वहीं, भास्कर सेवा समिति के सदस्यों ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं से इस पावन पांच दिवसीय महापर्व में बढ़-चढ़कर शामिल होने, भगवान सूर्यदेव का आशीर्वाद प्राप्त करने तथा धार्मिक आयोजन को सफल बनाने की अपील की। कलश यात्रा में रितेश कुमार सिन्हा, दीपचंद प्रसाद ,पिंटू प्रसाद, राजा तांती, गौरव प्रसाद, बबली साव, भास्कर समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे। भास्कर पूजा कलश यात्रा में आमजनों की सहभागिता ने धार्मिक एवं सामाजिक एकता का संदेश दिया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *