Advertisement

डीवीसी अध्यक्ष द्वारा बोकारो थर्मल दौरा, धरोहर एवं उत्पादन व्यवस्था का अवलोकन

राजेश कुमार/बीटीपीएस (बोकारो)। दामोदर घाटी निगम (डीवीसी) के अध्यक्ष राजेश पांडेय ने 12 नवंबर को बोकारो थर्मल ताप विद्युत केंद्र का दौरा किया। डीवीसी निदेशक भवन में उनका भव्य स्वागत किया गया तथा सीआईएसएफ द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया।

मौके पर बोकारो थर्मल के वरिष्ठ महाप्रबंधक एवं परियोजना प्रधान मधुकर श्रीवास्तव ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया। इस अवसर पर कार्यपालक निदेशक (परिचालन) संजीव श्रीवास्तव, कार्यपालक निदेशक (परियोजना) राजेश कुमार तथा अध्यक्ष के वरिष्ठ तकनीकी सलाहकार अमन ज्योति भी उपस्थित रहे।

बोकारो थर्मल दौरे के क्रम में अध्यक्ष ने 500 मेगावाट विद्युत उत्पादन इकाई के नियंत्रण कक्ष का निरीक्षण कर उत्पादन एवं परिचालन व्यवस्था की समीक्षा की तथा अधिकारियों एवं कर्मियों से संवाद किया। उन्होंने बीटीपीएस ‘ए’ प्लांट के पुराने हेरिटेज भवन एवं ऐतिहासिक नियंत्रण कक्ष का भी अवलोकन किया और इसकी गौरवशाली औद्योगिक विरासत एवं तकनीकी विशेषताओं की जानकारी प्राप्त की।

दौरा कार्यक्रम में वर्ष 1950 में प्रख्यात कलाकारों नंदलाल बोस एवं सुरेंद्रनाथ कर द्वारा सृजित ऐतिहासिक शिलाखंड मोज़ेक भित्तिचित्र के संरक्षण एवं पुनर्स्थापन परियोजना का लोकार्पण अध्यक्ष द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह मेरे लिए गर्व की बात कि इस कार्यक्रम का शुभारंभ मेरी उपस्थिति में हो रहा है। कहा कि इस पहल का उद्देश्य केंद्र की गौरवशाली औद्योगिक एवं सांस्कृतिक विरासत को भावी पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखना है।

अध्यक्ष ने कहा कि बोकारो थर्मल में जमीन की कमी दूर कर जल्द नया पावर प्लांट लगाया जाएगा। साथ ही विस्थापित समस्याओं का भी समाधान जल्द कर क्षेत्र का विकास किया जाएगा। प्रथम महिला शालिनी पांडेय ने मुख्य अतिथि के रूप में सीएसआर के अंतर्गत स्थापित गतिविधि केंद्र का उद्घाटन किया। उन्होंने ब्यूटीशियन प्रशिक्षण कक्ष, सिलाई केंद्र एवं कंप्यूटर केंद्र का अवलोकन कर प्रशिक्षणार्थियों से संवाद किया।

इस अवसर पर पाँच पंचायतों के मुखियाओं एवं कर्पूरी उच्च विद्यालय के प्रधानाचार्य को आलमीरा तथा मां का घर अनाथालय को वस्त्र प्रदान किए गए। इस अवसर पर डीवीसी बोकारो थर्मल के वरीय महाप्रबंधक (एचआर) ए कुजूर, सीएसआर प्रबंधक मनीष चौधरी, वरीय प्रबंधक (एचआर) पार्थो सारथी मुखर्जी, राजेश बिस्वास , उप महाप्रबंधक स्वास्थ्य डॉ एसके झा, डॉ अरविंद कुमार, सभी डीवीसी बीटीपीएस के वरिष्ठ अधिकारी, विभागाध्यक्ष, कर्मचारी तथा अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *