Advertisement

देवोत्थान एकादशी से कार्तिक पूर्णिमा तक नौलखा मंदिर में गूंजेगा नारायण नाम

भव्य श्रीलक्ष्मी नारायण यज्ञ एवं तुलसी विवाह का आयोजन

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण जिला के हद में सोनपुर के हरिहरक्षेत्र श्रीगजेन्द्र मोक्ष देवस्थानम दिव्य देश पीठाधीश्वर जगद्गुरु रामानुजाचार्य स्वामी लक्ष्मणाचार्यजी महाराज के सानिध्य में कार्तिक शुक्ल पक्ष की पावन देवोत्थान प्रबोधिनी एकादशी से लेकर कार्तिक पूर्णिमा तक नौलखा मंदिर सोनपुर में भव्य श्रीलक्ष्मी नारायण यज्ञ एवं तुलसी विवाह का आयोजन किया गया है।

स्वामी लक्ष्मणाचार्य महाराज ने 18 नवंबर को बताया कि देवोत्थान एकादशी के दिन भगवान श्रीहरि विष्णु चार माह की योगनिद्रा से जागते हैं। इसी पावन अवसर पर नौलखा मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ श्रीलक्ष्मी नारायण यज्ञ का शुभारंभ होगा। यज्ञ के दौरान भगवान श्रीलक्ष्मी नारायण की विशेष पूजा-अर्चना, अभिषेक, हवन एवं संकीर्तन का आयोजन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि यज्ञ का प्रमुख आकर्षण आगामी 20 नवंबर को शाम 5 बजे से आयोजित होने वाला तुलसी विवाह होगा। इस दिन भगवान शालिग्राम एवं माता तुलसी का विधि-विधान पूर्वक विवाह संपन्न कराया जाएगा। कहा कि तुलसी विवाह को हिंदू धर्म में अत्यंत पुण्यदायी एवं मांगलिक माना जाता है।

स्वामीजी ने कहा कि कार्तिक मास भगवान विष्णु को अत्यंत प्रिय है। इस मास में किया गया दान, स्नान, पूजन एवं यज्ञ अनंत फल प्रदान करता है। हरिहरक्षेत्र की पावन धरती पर आयोजित यह यज्ञ क्षेत्र के श्रद्धालुओं के लिए आस्था, भक्ति और कल्याण का महापर्व साबित होगा। उन्होंने सभी भक्तगणों से सपरिवार उपस्थित होकर यज्ञ में आहुति देकर भगवान श्रीलक्ष्मी नारायण का आशीर्वाद प्राप्त करने का आह्वान किया है। विदित हो कि धार्मिक दृष्टि से गैर सरकारी स्तर पर श्रीलक्ष्मी नारायण यज्ञ के शुभारंभ के साथ ही हरिहरक्षेत्र सोनपुर मेला का शुभारंभ हो जाता है। उसके बाद सरकारी स्तर पर मेला का भव्य उद्घाटन होता है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *