सिद्धार्थ पांडेय/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। पश्चिम सिंहभूम जिला के हद में नोवामुंडी स्थित टाटा डीएवी पब्लिक स्कूल में बीते 9 अक्टूबर को रक्षा मंत्रालय एवं शिक्षा मंत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में वीर गाथा प्रोजेक्ट 6.0 का आयोजन किया गया।
जानकारी देते हुए विद्यालय की प्राचार्या शशिकला ने 10 अक्टूबर को बताया कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं अभिभावकों में देश के वीर बलिदानियों, वीरता पुरस्कार विजेताओं और ऐतिहासिक योद्धाओं के प्रति सम्मान एवं देशभक्ति की भावना को सुदृढ़ करना है। कहा कि वीर गाथा जैसी राष्ट्रीय पहल विद्यार्थियों को किताबों से अलग देश की वास्तविक सुरक्षा और संप्रभुता के लिए सर्वस्व न्योछावर करने वाले रणबांकुरों के त्याग से जोड़ती है। यह आयोजन बच्चों में अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रप्रेम के बीज बोने का एक सशक्त माध्यम है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की संगीत मंडली ने राष्ट्रभक्ति गीतों की मधुर प्रस्तुति दी। कक्षा 3 से 12वीं तक के छात्रों के लिए देशभक्ति कविता लेखन, अनुच्छेद लेखन, चित्रकला तथा डिजिटल प्रस्तुतीकरण जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसके अलावा, विद्यालय परिसर में एक विशेष वीर गाथा कॉर्नर भी स्थापित किया गया, जहाँ परमवीर चक्र, महावीर चक्र आदि पुरस्कारों से सम्मानित वीरों की गाथाओं और विद्यार्थियों की चुनिंदा कलाकृतियों को प्रदर्शित किया गया।
इस अवसर पर उपरोक्त विषय पर कक्षा 7 के सत्यम, कक्षा 9 की आफिया परवीन और कक्षा 11वीं (विज्ञान) की प्रज्ञाश्री मिश्रा ने भी अपने-अपने विचार व्यक्त किए। प्रतियोगिता की सर्वश्रेष्ठ प्रविष्टियों को चयनित कर माई गॉव पोर्टल पर अपलोड किया गया। साथ ही, सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के तहत कनिष्ठ कक्षाओं के लिए रंगोली प्रशिक्षण का भी आयोजन किया गया, जिसमें कक्षा नर्सरी से कक्षा 2 तक के कुल 106 बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य छोटे बच्चों को प्राथमिक रंगों की पहचान कराना तथा सरल स्तर के रंगोली निर्माण का अभ्यास कराना था। कार्यक्रम का समापन शांति पाठ एवं राष्ट्रगान गाकर किया गया। मौके पर विद्यालय के सभी शिक्षक एवं कर्मचारीगण उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply