Advertisement

डीएम-एसएसपी ने पूजा पंडालों का निरीक्षण कर दिया सुरक्षा मानकों के पालन का निर्देश

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। सारण के जिलाधिकारी (डीएम) वैभव श्रीवास्तव तथा वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) रौशन कुमार ने 13 अक्टूबर की संध्या छपरा नगर निगम क्षेत्र के प्रमुख दुर्गा पूजा पंडालों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण क्रम में अधिकारियों ने पंकज सिनेमा रोड, नगरपालिका चौक, गांधी चौक, नेहरू चौक, तेलपा स्टैंड और श्यामचक स्थित पंडालों का जायजा लिया।

इस दौरान अधिकारीद्वय ने पूजा समितियों के आयोजकों से मुलाकात कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और विधि-व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बताया जाता है कि निरीक्षण के दौरान डीएम ने सभी पंडालों के अंदर और बाहर पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगाने, महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग मजबूत बैरिकेडिंग करने और प्रवेश व निकास द्वार अलग-अलग रखने का निर्देश दिया। साथ ही पंडालों में दिन-रात कार्यकर्ताओं की सक्रिय तैनाती सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने अनुमंडल पदाधिकारी और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर को सभी बड़े पंडालों में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और कर्मियों की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया। विद्युत विभाग को सभी पंडालों का विद्युत ऑडिट कर प्रमाण-पत्र देने और भवन प्रमंडल को पंडालों की संरचनात्मक मजबूती का प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराने को कहा। अग्निशमन विभाग को नियमित निरीक्षण कर अग्नि सुरक्षा के उपाय पुख्ता करने का निर्देश दिया गया। डीएम तथा एसएसपी ने स्पष्ट कहा कि निर्धारित सुरक्षा मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम आवागमन और शांतिपूर्ण माहौल बना रहे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *