रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो के जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) प्रवीण रंजन द्वारा 19 नवंबर को औचक निरीक्षण के क्रम में पीएमश्री राज्य संपोषित +2 उच्च विद्यालय कसमार का निरीक्षण किया गया।
बताया जाता है कि निरीक्षण के दौरान डीईओ ने विद्यालय में शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस क्रम में उन्होंने शिक्षकोपस्थिति पंजी, आकस्मिक अवकाश पंजी, छात्रोपस्थिति पंजी, रोकड़ पंजी सहित अन्य आवश्यक अभिलेखों का अवलोकन किया तथा विद्यालय के सुचारू संचालन एवं व्यवस्थाओं के संबंध में आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।
निरीक्षण के क्रम में डीईओ ने कक्षा 11वीं (कला संकाय), सेक्शन-ए के विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए नियमित रूप से विद्यालय आने तथा पूर्ण मनोयोग एवं लगन के साथ पढ़ाई करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नियमित उपस्थिति, अनुशासन एवं निरंतर मेहनत ही सफलता की कुंजी है। विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहकर अध्ययन करना चाहिए, जिससे वे जीवन में सफल होकर एक सुखमय एवं उज्ज्वल भविष्य का निर्माण कर सकें।

इसके अतिरिक्त, उन्होंने विद्यार्थियों को प्राकृतिक आपदाओं एवं विभिन्न संकटों से बचाव के प्रति जागरूकता संबंधी शिक्षा की जानकारी दी तथा ऐसी परिस्थितियों में सतर्कता बरतने और सुरक्षित रहने के उपायों से अवगत कराया। विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्होंने शत-प्रतिशत उपस्थिति दर्ज करने वाले विद्यार्थियों एवं रेल टेस्ट में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी बेहतर प्रदर्शन करने, नियमित उपस्थिति बनाए रखने तथा शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया।
डीईओ के विद्यालय औचक निरीक्षण का उद्देश्य विद्यालय में शैक्षणिक गुणवत्ता, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति एवं प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ करना तथा विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने हेतु आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान करना रहा।
![]()













Leave a Reply