Advertisement

चित्रांश महासम्मेलन में एकजुटता का संदेश व् समाज उत्थान पर दिया गया जोर

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। चित्रगुप्त महापरिवार बोकारो जिला द्वारा आयोजित चित्रांश महासम्मेलन में समाज की एकजुटता और विकास पर विशेष जोर दिया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय, पूर्व विधायक एवं झारखंड भाजपा के प्रथम प्रदेश अध्यक्ष अभयकांत प्रसाद तथा राजीव रंजन सहित कई गणमान्य उपस्थित रहे।

जानकारी के अनुसार 5 अप्रैल को बोकारो में आयोजित महासम्मेलन में गिरिडीह, धनबाद, कोडरमा, सिमडेगा, रांची, हजारीबाग और रामगढ़ जिलों की समितियों के साथ-साथ बोकारो की 28 समितियों तथा कोयलांचल और लोहांचल क्षेत्र के प्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी रही।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि सुबोध कांत सहाय ने अपने संबोधन में कहा कि कायस्थ समाज को हर क्षेत्र में एकजुट होना होगा, चाहे वह राजनीति हो या सामाजिक क्षेत्र। उन्होंने कहा कि विभिन्न समितियां अलग-अलग स्तर पर काम कर रही हैं, लेकिन राज्य और जिला स्तर के आयोजनों में सभी को संगठित होकर अपनी ताकत का प्रदर्शन करना चाहिए।
कार्यक्रम में बोकारो स्टील प्लांट के निदेशक प्रभारी प्रिय रंजन के साथ-साथ गुरु गोविन्द सिंह एजुकेशनल सोसाइटी टेक्निकल कैंपस के डायरेक्टर डॉ प्रियदर्शी जरूहार एवं डॉ पल्लवी प्रसाद भी विशेष रूप से शामिल हुईं। सभी अतिथियों ने आयोजन की सराहना की।

इस अवसर पर बोकारो संगीत कला अकादमी के बच्चों ने देशभक्ति गीत, शिव तांडव और स्वागत गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम को सांस्कृतिक रंग प्रदान किया। महासम्मेलन को सफल बनाने में प्रीतम, राज श्रीवास्तव, सुदीप सिन्हा, संजय सिन्हा, रतन लाल, ओंकार सिन्हा, ललित सिन्हा, प्रवीण सिन्हा, धर्मेंद्र श्रीवास्तव, ललित वर्मा आदि ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। वहीं रमन सिन्हा, अनल कुमार और केपी सिन्हा की भूमिका भी सराहनीय रही। कार्यक्रम के अंत में समाज के उत्थान, बेटियों की शिक्षा और बेटी बचाओ जैसे सामाजिक मुद्दों पर निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया गया।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *