रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। वर्तमान समय में पत्रकारिता केवल खबर लिखने और अखबार में प्रकाशित करने तक सीमित नहीं रह गई है। एक पत्रकार को सुबह से शाम तक खबरों की तलाश में गांव-गांव, पंचायत-पंचायत और शहर-दर-शहर भटकना पड़ता है। कभी धूप, कभी बारिश तो कभी कठिन परिस्थितियों का सामना करते हुए वह समाज की समस्याओं को सामने लाने का काम करता है। इसके बावजूद पत्रकारों की मेहनत और आर्थिक स्थिति पर बहुत कम ध्यान दिया जाता है।
विडंबना देखिए कि जब किसी नेता, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, संस्था या व्यवसायी को अपनी खबर प्रकाशित करवानी होती है, तो पत्रकारों को बार-बार फोन किया जाता है। खबर प्रमुखता से छापने का आग्रह किया जाता है। लेकिन जब उसी खबर के साथ विज्ञापन का भुगतान करने की बात आती है, तो कईयों के फोन बंद हो जाते हैं या फिर वे पहचानने से भी इनकार करने लगते हैं।
आखिर पत्रकार की मेहनत का मूल्य कौन समझेगा? पत्रकार समाज का आईना होता है। वह दूसरों की उपलब्धियों को दुनिया तक पहुंचाता है। गरीबों की आवाज बनता है। भ्रष्टाचार और अनियमितताओं को उजागर करता है तथा आम जनों की समस्याओं को प्रशासन और सरकार तक पहुंचाता है। लेकिन सवाल यह है कि जो पत्रकार दूसरों की समस्याओं को उठाता है, उसकी अपनी आर्थिक समस्याओं को कौन उठाएगा?
ज्ञात हो कि, मुफस्सील स्तर के कई पत्रकार सीमित संसाधनों में अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं। पेट्रोल, मोबाइल रिचार्ज, इंटरनेट, कैमरा, आने-जाने का खर्च और समय सब कुछ अपनी जेब से लगाते हैं। कई बार खबर के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों तक जाना पड़ता है। इसके बावजूद समाज में उनसे अपेक्षा की जाती है कि वे हर समय उपलब्ध रहें और बिना किसी अपेक्षा के खबर प्रकाशित करें।
पत्रकारिता सेवा और जिम्मेदारी का क्षेत्र जरूर है, लेकिन इसका अर्थ यह कत्तई नहीं कि पत्रकार की मेहनत का कोई आर्थिक मूल्य नहीं होना चाहिए। विज्ञापन देना एहसान नहीं, मेहनत का सम्मान है। यदि किसी नेता, समाजसेवी, संस्था या संगठन को अपने कार्यक्रम, उपलब्धि अथवा गतिविधियों का प्रचार-प्रसार करवाना है, तो उसे पत्रकार और समाचार माध्यम की भूमिका का सम्मान करना चाहिए। विज्ञापन के लिए सहमति देने के बाद समय पर भुगतान करना भी उतना ही जरूरी है। भुगतान के नाम पर बहाने बनाना या पत्रकारों को बार-बार दौड़ाना उचित नहीं है।
समाज के तथाकथित सफेदपोसो को यह भी समझना होगा कि पत्रकार की कलम से निकली खबर समाज में पहचान बनाती है। लेकिन उस पहचान के पीछे पत्रकार की मेहनत, समय और संसाधन भी जुड़े होते हैं। आज जरूरत इस बात की है कि पत्रकारों को केवल खबर छपवाने का माध्यम न समझा जाए, बल्कि उन्हें एक जिम्मेदार पेशेवर के रूप में सम्मान दिया जाए। पत्रकारों को भी अपनी गरिमा बनाए रखते हुए निष्पक्ष और निर्भीक पत्रकारिता करनी चाहिए।
अंत में एक सवाल यह कि जब खबर प्रकाशित करवाने की जरूरत पड़ती है, तब पत्रकार सबसे पहले याद आते हैं। लेकिन जब उसकी मेहनत का भुगतान करने की बारी आती है, तो वही तथाकथित दूरी क्यों बना लेते हैं? याद रखिए, पत्रकार की कलम की ताकत को पहचानिए। उसकी मेहनत का सम्मान कीजिए। क्योंकि पत्रकार केवल खबर नहीं लिखता, वह समाज की आवाज को शब्द देता है। पत्रकार का सम्मान केवल फूल-माला से नहीं, उसकी मेहनत और अधिकारों का सम्मान करने से होता है।
![]()













Leave a Reply