Advertisement

कृष्णा नगर शिवपुरी में सड़क निर्माण का सांसद व विधायक ने किया शिलान्यास

रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। हजारीबाग के सांसद मनीष जायसवाल एवं सदर विधायक प्रदीप कुमार ने संयुक्त रूप से स्थानीय कृष्णा नगर शिवपुरी में सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। सड़क निर्माण की इस पहल से स्थानीय ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। लंबे समय से क्षेत्र में सड़क निर्माण की आवश्यकता महसूस की जा रही थी।

ज्ञात हो कि यहां के ग्रामीणों ने क्षेत्र की सड़क समस्या से सांसद प्रतिनिधि को अवगत कराते हुए सड़क निर्माण की मांग की थी। ग्रामीणों की मांग पर सांसद प्रतिनिधि ने मामले को सांसद तक पहुंचाया और क्षेत्र में सड़क निर्माण कराने का आग्रह किया। इसके बाद जनसमस्या को गंभीरता से लेते हुए सड़क निर्माण की दिशा में पहल की गई और अब निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया।

इस अवसर पर सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि क्षेत्र का विकास और आमजनों को बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। कहा कि सड़कें आवागमन का प्रमुख माध्यम हैं और बेहतर सड़क निर्माण से स्थानीय रहिवासियों को सुविधा मिलेगी। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास किया जा रहा है।

विधायक प्रदीप कुमार ने कहा कि क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। सड़क निर्माण से ग्रामीणों के आवागमन में सुविधा होगी और स्थानीय स्तर पर सभी को इसका लाभ मिलेगा। उन्होंने विकास कार्यों को प्राथमिकता देने की बात कही। सांसद प्रतिनिधि ने कहा कि कृष्णा नगर शिवपुरी के ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की मांग उनके समक्ष रखी थी। ग्रामीणों की समस्या को सांसद तक पहुंचाकर सड़क निर्माण कराने का आग्रह किया गया। जनप्रतिनिधियों के प्रयास से शिलान्यास होने पर क्षेत्र के रहिवासियों को राहत मिलने की उम्मीद है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *