Advertisement

आरसीएमयू क्षेत्रीय कार्यालय में नव नियुक्त पदाधिकारियों का सम्मान समारोह

जो संगठन अनुशासित नहीं है, वह भीड़ है, संगठन नहीं-श्यामल सरकार

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बोकारो जिला के हद में कथारा चार नंबर स्थित आरसीएमयू (राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर यूनियन) क्षेत्रीय कार्यालय सह राजेंद्र प्रसाद सिंह स्मृति भवन में 21 सितंबर को सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। अध्यक्षता क्षेत्रीय अध्यक्ष अजय कुमार सिंह ने की।

जानकारी के अनुसार आयोजित सम्मान समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में आरसीएमयू के सीसीएल रीजनल अध्यक्ष श्यामल कुमार सरकार उपस्थित थे। समारोह में यूनियन के नव नियुक्त पदाधिकारी कृष्णा निषाद, रवि शंकर सिंह और सुनीता सिंह को सम्मानित किया गया।

बताया जाता है कि आरसीएमयू की रीजनल कमेटी और कथारा क्षेत्रीय समिति के सभी पदाधिकारियों ने बारी-बारी से उपरोक्त तीनों नव नियुक्त पदाधिकारियों को बुके, माला देकर तथा शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। साथ हीं उपरोक्त के उज्जवल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दी।

अध्यक्षता कर रहे क्षेत्रीय अध्यक्ष अजय कुमार सिंह ने इस अवसर पर कहा कि आरसीएमयू हमेशा से ही मजदूरों के हक और अधिकार की लड़ाई लड़ता आया है। उन्होंने कहा कि नए पदाधिकारियों के आने से संगठन और भी मजबूत होगा और मजदूरों की समस्याओं का समाधान और तेजी से होगा। मुख्य अतिथि श्यामल कुमार सरकार ने कहा कि श्रमिक संगठन को मजबूत कैसे किया जाए। यह सवाल आज बहुत जरूरी है, क्योंकि संगठन ही हमारी ताकत है। संगठन नहीं तो हम कुछ नहीं। कहा कि एक आँख से सब कुछ नहीं दिखता, लेकिन कई आँखें मिलकर सब कुछ देख लेती हैं। यही संगठन है।

कहा कि जात, पात, धर्म, भाषा, विभाग इन सब बातों को भूलकर हमें सिर्फ एक पहचान रखनी होगी की हम मजदूर हैं। संगठन सिर्फ पदाधिकारियों से नहीं चलता। हमें हर क्वार्टर, हर खदान, हर शिफ्ट में जाकर नए मजदूरों को, युवा मजदूरों को संगठन से जोड़ना होगा। उनको बताना होगा कि यूनियन तुम्हारी ढाल है। उन्होंने कहा कि हमें सिर्फ नारे नहीं लगाने, हमें अपने अधिकारों को जानना भी है। पीएफ, पेंशन, ग्रेच्युटी, मेडिकल, बोनस, सुरक्षा कानून। कहा कि जब हमें कानून पता होगा, तभी हम प्रबंधन से आँख में आँख डालकर बात कर पाएंगे। कहा कि जो संगठन अनुशासित नहीं है, वह भीड़ है, संगठन नहीं। मजदूर मसीहा स्वर्गीय राजेंद्र प्रसाद सिंह कहा करते थे कि तुलसी का पत्ता बड़ा हो या छोटा पूजनीय दोनों होते हैं। इसीलिए संगठन द्वारा दिया गया कोई भी पद बड़ा और छोटा नहीं होता।

मौके पर यूनियन के सुबोध सिंह पवार, दिगंबर महतो, वेदव्यास चौबे, आशीष चक्रवर्ती, चंद्रशेखर प्रसाद, विजय यादव, रंजय कुमार सिंह, प्रमोद यादव, दीपक मल्लाह, कमलकांत सिंह, संतोष सिन्हा, धनेश्वर यादव, देवाशीष आस, रवि कुमार सिंह, सुरेश महतो, उपेंद्र सिंह, मुकेश सिंह, श्याम सुंदर, पिंटू रॉय, दयाल यादव, गणेश कुमार महतो, रंजीत सिंह, शिवदत्त नोनिया, शकील अहमद सहित सैकड़ो कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थिति थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *