रंजन वर्मा कसमार (बोकारो)। राष्ट्रीय स्तर की लब्ध-प्रतिष्ठित गणितीय परीक्षा आईओक्यूएम (इंडियन ओलंपियाड क्वालीफायर इन मैथमेटिक्स) 2026 में दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) बोकारो के विद्यार्थियों ने एक बार फिर उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए अपनी मेधाविता का परचम लहराया है। परीक्षा की ए कैटेगरी (कक्षा 8-11) में विद्यालय की 11वीं कक्षा के छात्र रौनक राज ने सर्वाधिक 48 अंक लाकर अपने स्कूल में सर्वश्रेष्ठ परिणाम हासिल किया। दूसरे स्थान पर 40 अंकों के साथ इसी कक्षा के छात्र शौर्य अग्रवाल रहे, तो 10वीं कक्षा आशुतोष कुमार मिश्रा ने 38 अंक लाकर तीसरा स्थान प्राप्त किया। विद्यालय के कुल 10 छात्र-छात्राओं ने इस कठिन परीक्षा में कामयाबी दर्ज करते हुए आरएमओ (रीजनल मैथेमेटिकल ओलम्पियाड) के लिए क्वालीफाई किया है।
उक्त तीनों विद्यार्थियों के अलावा क्रमशः विद्यालय की नौवीं कक्षा के विद्यार्थी सरित चक्रवर्ती, 11वीं के लक्ष कुमार, नौवीं के अर्पित आर्या, 11वीं के शौर्य प्रकाश, आठवीं के प्रत्यूष ठाकुर एवं सजग सूर्यांश पांडेय तथा 10वीं कक्षा की छात्रा आहेली ने भी इस परीक्षा में उत्कृष्ट सफलता प्राप्त की है।
विद्यालय के प्राचार्य डॉ ए. एस. गंगवार ने सभी सफल छात्र-छात्राओं को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए अगले चरण की परीक्षाओं में और भी बेहतरी के साथ प्रदर्शन करने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि यह परिणाम विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, उनकी कुशलता, गणित के प्रति उनकी लगन तथा विद्यालय के शिक्षकों के समर्पण का जीवंत उदाहरण है।
उल्लेखनीय है कि भारतीय गणित ओलंपियाड कार्यक्रम के अंतर्गत इंडियन ओलंपियाड क्वालिफायर इन मैथमेटिक्स (आईओक्यूएम) प्रथम चरण की राष्ट्रीय परीक्षा है। इसका संयुक्त आयोजन मैथमैटिक्स टीचर्स एसोसिएशन (इंडिया) और होमी भाभा सेंटर फॉर साइंस एजुकेशन (एचबीसीएसई) की ओर से किया जाता है। यह परीक्षा क्षेत्रीय गणित ओलंपियाड (आरएमओ), भारतीय राष्ट्रीय गणित ओलंपियाड (आईएनएमओ) और अंततः अंतरराष्ट्रीय गणित ओलंपियाड (आईएमओ) तक पहुंचने का पहला मुख्य द्वार है।
![]()













Leave a Reply