Advertisement

आंदोलनकारियों को मिले 50 हजार पेंशन व् बच्चों को नौकरी में आरक्षण-विष्णुचरण

सम्मान व् अधिकार के लिए 15 नवंबर को राजधानी रांची में होगा विशाल प्रदर्शन

​रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)​। अलग झारखंड राज्य के निर्माण के लिए लंबा संघर्ष करने वाले राज्य आंदोलनकारियों को उनका हक और सम्मान दिलाने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। इसी कड़ी में आगामी 15 नवंबर को झारखंड की राजधानी रांची में प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन को ऐतिहासिक बनाने के लिए 12 नवंबर को बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के सिंहपुर पंचायत सचिवालय में झारखंड आंदोलनकारी संघर्ष मोर्चा कसमार प्रखंड इकाई की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

​बैठक की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष विष्णुचरण महतो ने जबकि संचालन प्रखंड सचिव जगरनाथ महतो ने किया। बैठक में आंदोलनकारियों की विभिन्न मांगों को लेकर एकजुट होकर आवाज बुलंद करने का संकल्प लिया गया।

​बैठक को संबोधित करते हुए प्रखंड अध्यक्ष विष्णुचरण महतो ने कहा कि अलग झारखंड राज्य के निर्माण में आंदोलनकारियों ने अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया था, लेकिन राज्य गठन के इतने वर्षों बाद भी अनेक आंदोलनकारी अपने सम्मानजनक अधिकारों से वंचित हैं। उन्होंने सरकार से पुरजोर मांग करते हुए कहा कि सभी चिह्नित आंदोलनकारियों को 50 हजार रुपये मासिक सम्मान पेंशन दी जाए तथा उनके बच्चों को सरकारी नौकरी में आरक्षण का लाभ सुनिश्चित किया जाए।

​प्रखंड सचिव जगरनाथ महतो ने कहा कि अधिकार मांगने से नहीं बल्कि संगठित संघर्ष से हासिल होते हैं, इसलिए सभी आंदोलनकारियों को आपसी मतभेद भुलाकर एक मंच पर आना होगा। बैठक में डॉ जीतलाल महतो ने अपने विचार रखते हुए कहा कि राज्य की नींव रखने वाले आंदोलनकारियों की सुधि ली जानी आज की सबसे बड़ी जरूरत है। उन्होंने कहा कि लंबे संघर्ष के बाद भी यदि आंदोलनकारियों को दरकिनार किया जाएगा, तो यह उनके साथ बहुत बड़ा अन्याय होगा। ​बैजनाथ महतो ने कहा कि हक की इस लड़ाई में कसमार प्रखंड के हर एक आंदोलनकारी की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित होगी।

उन्होंने कहा कि जब तक सरकार हमारी मांगों को पूरा नहीं करती, तब तक हमारा यह संघर्ष और अधिक तीव्र गति से जारी रहेगा। ​उमेश कुमार जायसवाल ने कहा कि आंदोलनकारियों का सम्मान असल में झारखंड के उस संघर्षपूर्ण इतिहास का सम्मान है। वहीं, संतोष कुमार महतो ने कहा कि अलग राज्य का सपना साकार करने वालों को एक सम्मानजनक जीवन और उनके परिवारों को सामाजिक-आर्थिक सुरक्षा मिलना बेहद जरूरी है।  ​बैठक में आगामी 15 नवंबर को रांची में होने वाले कार्यक्रम को पूरी तरह सफल बनाने पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान कसमार प्रखंड क्षेत्र से अधिक से अधिक संख्या में आंदोलनकारियों की रांची तक भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।
​

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *