शारीरिक स्वास्थ्य का मुल मंत्र योग अपनाओ, रोग भगाओ-प्राचार्य
एस के पांडेय/पुन्दाग (रांची)। झारखंड की राजधानी रांची के एस. आर. डीएवी पब्लिक स्कूल पुंदाग में बीते 21 जून को धूम – धाम से बारहवां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह मनाया गया।
इस अवसर पर विद्यालय के खेल शिक्षक राजेश कुमार सिन्हा तथा आशीष जायसवाल के मार्गदर्शन में योगाभ्यास सत्र का आयोजन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में विद्यालय के छात्र-छात्रा सहित शिक्षकों ने भाग लिया।
ज्ञात हो कि इस वर्ष योग दिवस का थीम योग फॉर एजिंग अर्थात् बढ़ती उम्र के लिए योग रखा गया था। डीएवी पुंदाग के प्राचार्य डॉ तापस घोष ने वरिष्ठ शिक्षकों तथा विद्यार्थियों के साथ मिलकर दीप प्रज्वलित के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
उन्होंने अपने संदेश में विद्यार्थियों को न केवल योग अपनाने की प्रेरणा दी, बल्कि योग को प्रचारित एवं प्रसारित करने की भी सलाह दी। उन्होंने विद्यार्थियों को इस वर्ष के अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के थीम बढ़ती उम्र के लिए योग के विषय में जानकारी देते हुए कहा कि वर्ष में एक दिन योग करना काफ़ी नहीं है, बल्कि नियमित रूप से योगाभ्यास करने से हम स्वस्थ रहेंगे। इससे हम पर बढ़ती उम्र का दुष्प्रभाव कम पड़ेगा। हमारी रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ेगी।

प्राचार्य ने उपस्थित जनों को योग दिवस की शुभकामना देते हुए कहा कि योग के लिए सबसे अच्छा और लोकप्रिय नारा है योग अपनाओ, रोग भगाओ। यह मानव जीवन के शारीरिक स्वास्थ्य का मुल मंत्र है। कहा कि योग यह छोटा, प्रभावशाली और आसानी से याद रहने वाला नारा है, जो स्वास्थ्य लाभों को सबसे पहले उजागर करता है।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विद्यार्थियों द्वारा दर्शायी गई योग की विभिन्न मुद्राएं थीं। उन्होंने मिलकर सहज योग के विभिन्न आसन किए। विद्यालय परिसर में योग की धूम रही। योगासन अभ्यास के इस सत्र में विद्यार्थियों के साथ – साथ सभी शिक्षक – शिक्षिकाओं ने भी भाग लिया। शांतिपाठ के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।
![]()













Leave a Reply