एस. पी. सक्सेना/पटना (बिहार)। बिहार की राजधानी पटना के प्रेमचंद रंगशाला में 18 मई को दो दिवसीय संगीताचार्य पंडित हीरालाल मिश्र सम्मान एवं संगीत महोत्सव का शुभारंभ किया गया। उक्त जानकारी कलाकार साझा संघ के सचिव मनीष महीवाल ने दी।
महीवाल ने कहा कि सांस्कृतिक संस्था त्रिवेणी कला केन्द्र पटना द्वारा संस्कृति मंत्रालय भारत सरकार के सौजन्य से 18 और 19 मई को दो दिवसीय संगीताचार्य पंडित हीरालाल मिश्र सम्मान एवं संगीत महोत्सव का आयोजन प्रेमचंद रंगशाला पटना में सायं 5.30 बजे किया गया। प्रथम दिवस 18 मई को महोत्सव का उद्घाटन सहायक सचिव, बिहार संगीत नाटक अकादमी एवं जिला कला व संस्कृति पदाधिकारी पटना कीर्ति आलोक, उद्योगपति एवं कला संरक्षक एल. एन. पोद्दार, संस्था के अध्यक्ष डॉ अजय कुमार तथा सचिव विजय कुमार मिश्रा ने किया।
कहा कि सोमा चक्रवर्ती ने कार्यक्रम की उद्घोषणा की। जबकि, इस वर्ष का संगीताचार्य पंडित हीरालाल मिश्र सम्मान पटना के गुरु हेमराज सिंह को तबला वादन तथा पटना के गुरू डॉ ओम प्रकाश नारायण को शास्त्रीय गायन में अतुल्य योगदान के लिए प्रदान किया गया।

महीवाल ने बताया कि दो दिवसीय महोत्सव में आज की पहली प्रस्तुति एकल कत्थक नृत्य सुभाश्री मिश्रा द्वारा की गयी। इनकी प्रस्तुति में शिव स्तुति, तराना, गत निकास एवं ठुमरी शामिल थे, जो अत्यंत प्रशंसनीय था। इसके पश्चात नई दिल्ली के कलाकार डॉ अविनाश कुमार द्वारा शास्त्रीय गायन की प्रस्तुति की गयी। उन्होंने राग- जोगकौस एवं राग खमाज में दादरा की प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। तबले पर नई दिल्ली से उस्ताद मुस्तफा हुसैन एवं हारमोनियम पर पटना के संतोष कुमार ने संगत किया। आज की अंतिम प्रस्तुति नई दिल्ली के विख्यात सितार वादक पंकज विशाल का सितार वादन था, जो अत्यंत सराहनीय रहा।
![]()













Leave a Reply