Advertisement

भीषण गर्मी से बचाव को ले सोनपुर मंडल ने बिहपुर में लाइन कर्मियों को बांटा ओआरएस

अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। रेल कर्मियों के स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पूर्व मध्य रेलवे के हद में सोनपुर रेल मंडल ने 10 जून को भीषण गर्मी के मद्देनजर एक अहम पहल की। सोनपुर रेल मंडल प्रशासन द्वारा थाना बिहपुर क्षेत्र में तैनात लाइन कर्मियों के बीच ओआरएस का वितरण किया गया।

जानकारी के अनुसार क्षेत्र में लगातार बढ़ते तापमान और लू को देखते हुए रेल मंडल द्वारा यह कदम उठाया गया है। कहा गया कि खुले में घंटों काम करने वाले लाइन कर्मी हीट स्ट्रेस, डिहाइड्रेशन और गर्मी से होने वाली अन्य बीमारियों के खतरे में रहते हैं। ओआरएस वितरण के दौरान कर्मियों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, नियमित रूप से ओआरएस का सेवन करने और धूप में काम करते समय बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में भी जागरूक किया गया।

ज्ञात हो कि, रेल पथों के रख-रखाव और निरीक्षण में लगे लाइन कर्मी विपरीत मौसम में भी अपनी ड्यूटी निभाते हैं। ऐसे में उनके स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना रेल प्रशासन की प्राथमिकता है। सोनपुर रेल मंडल समय-समय पर कर्मचारियों के लिए इस तरह के स्वास्थ्य एवं कल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित करता रहता है।

मंडल प्रशासन ने कहा कि इस प्रकार की पहल से न केवल रेल कर्मचारियों का मनोबल बढ़ता है, बल्कि सुरक्षित एवं निर्बाध रेल परिचालन सुनिश्चित करने में भी मदद मिलती है। कहा गया कि रेल प्रशासन कर्मचारियों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और कार्यस्थल पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *