ढाई महीने से वेतन नहीं मिलने से प्राथमिक, माध्यमिक व् प्लस टू शिक्षक संघों की घोषणा
अभी तक अधर में सहायक आचार्यों को नौ महीने से अवरुद्ध वेतन
रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। झारखंड के विभिन्न जिलों के कोषागारो में कथित घोटाले के उजागर होने के बाद वित्त सचिव झारखंड के निर्देशानुसार बोकारो जिला के सभी शिक्षकों के मध्य विद्यालय स्थापना के निकासी एवं व्यवन पदाधिकारियों से विगत तीन वित्तीय वर्षों का जांच प्रतिवेदन जमा करने के बाद भी अभी तक कोषागार से वेतन पारित नहीं किया जा रहा है।
वित्त विभाग द्वारा निर्देश से हटकर जिले में स्थानीय स्तर पर उपायुक्त बोकारो द्वारा उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में गठित कमिटी से अनापत्ति प्रमाण पत्र कर वेतन निकासी के आदेश में उप विकास आयुक्त बोकारो द्वारा अवांछित अड़ंगा उत्पन्न कर वेतन भुगतान की प्रक्रिया को अवरुद्ध कर रखा गया है।
दूसरी तरफ माध्यमिक और प्लस टू के शिक्षकों के स्थापना से संबंधित जांच में निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी सह जिला शिक्षा पदाधिकारी द्वारा अनावश्यक रूप से प्रधानाध्यापकों के ऊपर ठीकरा फोड़ते हुए विद्यालय स्तर से वेतन नामावली बनाने का निर्देश देकर वेतन निकासी को रोक रखा गया है, जबकि वेतन नामावली या पे रोल का संधारण निकासी एवं व्ययन पदाधिकारी को ही करना होता है। सहायक आचार्यों के नियुक्ति के नौ माह बाद भी वेतन भुगतान नहीं किया जा रहा है।
इस परिस्थित में जिले के प्राथमिक, माध्यमिक और उच्चतर माध्यमिक शिक्षकों में उबाल है। ढाई महीने से वेतन नहीं मिलने के कारण पारिवारिक तथा आर्थिक संकटों से जूझ रहे शिक्षकों के संघों की संयुक्त बैठक 10 मई को आयोजित की गयी। संयुक्त बैठक में निर्णय लिया गया कि जब तक वेतन भुगतान नहीं किया जाता है तब प्राथमिक, माध्यमिक और प्लस टू के शिक्षकगण जनगणना कार्य शुरू नहीं करेंगे, आगामी 12 मई से प्रतिदिन दो बजे से शिक्षक उपायुक्त कार्यालय पर जमा होकर घंटी बजाएंगे और वेतन के लिए नारेबाजी करेंगे, जनगणना किट वितरण स्थल से कीट प्राप्त करने शिक्षक नहीं जाएंगे, आगामी 16 मई को जिला शिक्षा अधीक्षक कार्यालय से उपायुक्त कार्यालय तक जुलूस निकालेंगे और उपायुक्त कार्यालय पर प्रदर्शन करेंगे, इसके बाद भी वेतन की समस्या का समाधान नहीं होने पर 16 मई को उपायुक्त कार्यालय से बृहत आंदोलन की घोषणा की जाएगी।

आयोजित बैठक को अखिल झारखंड प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रदेश महासचिव राम मूर्ति ठाकुर, बोकारो जिलाध्यक्ष राजू साहू, झारखंड राज्य माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष वासुदेव सिंह चौधरी, जिला सचिव मुफीद आलम, झारखंड प्लस टू शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष पंकज कुमार सिंह, जिला महासचिव अवनीश कुमार झा, उच्च प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष रूपेश गुप्ता, कसमार प्रखंड उपाध्यक्ष मनीष कुमार जायसवाल ने संबोधित किया। बैठक में जिले भर के सैकड़ों शिक्षकों ने शिरकत की। बैठक में राकेश रोशन, कामदेव विश्वकर्मा, आशुतोष कुमार, रवि रंजन, अनिल कुमार, जयप्रकाश नायक, रंजीत कुमार आदि शिक्षकगण उपस्थित रहे।
![]()













Leave a Reply