प्रहरी संवाददाता/गोमिया (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में गोमिया-कथारा मुख्य मार्ग स्थित स्मार्ट बाजार के समीप बरसाती पानी आसपास के घरों में घुस गया। रहिवासियों ने जिला प्रशासन से नाली निर्माण की मांग की हैं।
जानकारी के अनुसार बीती 6 जुलाई की रात के बारिश में गोमिया पुराना सिनेमा हॉल के समीप स्मार्ट बाजार के पास बीच सड़क पर बरसाती पानी जमा हो जाने से 7 जुलाई को राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानीयों का सामना करना पड़ा। तेज बारिश के बाद सड़क तालाब में तब्दील हो गई। सड़क पर जमा पानी आसपास के कई घरों और दुकानों में भी घुस गया। इससे स्थानीय रहिवासी और दुकानदार परेशान हो गए। दुकानों में रखा सामान भींग गया और घरों में भी कीचड़ जमा हो गई।

आसपास के रहिवासियों ने बताया कि हर साल बारिश में यहां यही स्थिति बन जाती है। सूचना मिलते ही गोमिया अंचल के अंचल निरीक्षक मौके पर पहुंचे और जलभराव की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि सड़क से बरसाती पानी को निकालने और भविष्य में पानी जमा न हो, इसके लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जाएगी। वही जिप सदस्य एवं आजसू पार्टी के केंद्रीय सचिव राजेश विश्वकर्मा भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने सड़क पर बरसाती पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था करने पर जोर दिया।
स्थानीय रहिवासियों के अनुसार पहले इस सड़क के दोनों ओर खेत थे, जिससे बरसाती पानी आसानी से निकल जाता था। लेकिन अब सड़क के दोनों ओर मकान बन गए हैं और आसपास नाली की व्यवस्था नहीं है। इसी कारण थोड़ी सी बारिश में ही सड़क पर पानी जमा हो जाता है और आवागमन मुश्किल हो जाता है।

वहीं दूसरी ओर गोमिया*तेनु मुख्य मार्ग हाई स्कूल के समीप बरसाती जल जमाव से मोहल्ले के रहिवासियों को स्कूली बच्चों को स्कूल पहुंचने वक्त मुश्किलों का सामना करना पड़ा। जबकि, लाखों की लागत से सड़क के दोनों ओर नाली निर्माण हुआ है, किंतु उसका कोई फायदा आम रहिवासियों को नहीं मिल रहा है।
![]()













Leave a Reply