Advertisement

मोहर्रम पर्व को लेकर गुवा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक

सिद्धार्थ पांडेय/चाईबासा (पश्चिम सिंहभूम)। चाईबासा पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर क्षेत्र में मोहर्रम पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर 22 जून को जिला के हद में गुवा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) किरीबुरू विनीत कुमार किंडो ने की।

शांति समिति की बैठक में क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं एवं मोहर्रम पर्व की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान मुस्लिम समुदाय के प्रतिनिधियों ने बताया कि गुवा की मस्जिद में मोहर्रम के अवसर पर नमाज अदा की जाती है, लेकिन ताजिया जुलूस नहीं निकाला जाता। प्रशासन ने आवश्यक जानकारी लेते हुए शांति एवं आपसी भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की। स्थानीय रहिवासियों ने गुवा बाजार में मुख्य सड़क किनारे चार पहिया वाहनों के खड़े रहने से उत्पन्न होने वाली जाम की समस्या को उठाया।

एसडीपीओ ने आश्वासन दिया कि सड़क किनारे खड़े वाहनों को हटाने की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही सार्वजनिक स्थलों पर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए सेल प्रबंधन के सहयोग से आवश्यक कदम उठाने की बात कही गयी।
बैठक में सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन करने वालों के खिलाफ कड़ी निगरानी रखने, सोशल मीडिया पर भ्रामक एवं आपत्तिजनक पोस्टों पर विशेष नजर रखने तथा दुकानों में बाल श्रम पाए जाने पर बच्चों को मुक्त कर विद्यालय भेजने की कार्रवाई करने का भी निर्णय लिया गया।

एसडीपीओ ने कहा कि मोहर्रम का पर्व शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाया जाए। उन्होंने क्षेत्र के तमाम रहिवासियों से किसी भी समस्या या शिकायत की सूचना तत्काल पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर देने की अपील की, ताकि त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। बैठक में नजीर खान, सलीम कुरैशी, मुखिया चांदमनी लागुरी, गीता देवी, ममता देवी, पदमा केसरी, जानों चातर, विश्वजीत तांती, सुमित्रा पूर्ति, हरीश पूर्ति, राकेश कुमार झा, कृष्णा गोप, नरेश चौबे, मोहम्मद असलम सहित गुवा थाना प्रभारी नीतीश कुमार तथा बड़ी संख्या में स्थानीय रहिवासी व् पुलिस जवान शामिल थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *