केंद्र सरकार किसान और उद्योग विरोधी-विधायक

एस. पी. सक्सेना/बोकारो। बेरमो विधायक कुमार जय मंगल (Bermo MLA Kumar Jai mangal) उर्फ अनूप सिंह बीते 5 अप्रैल को बोकारो जिला के हद में राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर यूनियन के कथारा क्षेत्रीय अध्यक्ष अजय कुमार सिंह के कथारा चार नंबर स्थित आवास पर वासंती नवरात्र के अवसर पर प्रसाद ग्रहण करने पहुंचे। इस अवसर पर उन्हें शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।

दौरे के क्रम में यहां विधायक सिंह ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान केंद्र सरकार (Central Government) किसान मजदूर व उद्योग विरोधी है। उन्होंने कहा कि आज देश का विकास रुका हुआ है, जबकि शुरू से ही देश के विकास में कांग्रेस की अहम भूमिका रही है।

उन्होंने कहा कि देश को वर्तमान में सरकार नहीं बल्कि कुछ मुट्ठीभर पूंजीपति चला रहे हैं। डीजल, पेट्रोल और आम उपयोगी वस्तुओं की कीमतों में बेतहाशा बृद्धि कत्तई जनता के हित में नहीं है। आज पूरे देश में राजीव गांधी विद्युत योजना, इंदिरा आवास सहित देश के सैकड़ो प्रमुख कल कारखाने केवल और केवल कांग्रेस की देन है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान केंद्र की मोदी सरकार राष्ट्रीयकरण से निजी करण की ओर बढ़ रही है। कोयला क्षेत्र में आज मजदूरों को जो भी सुख सुविधा मिल रहा है वह भूतपूर्व प्रधानमंत्री स्व इंदिरा गांधी, स्वर्गीय बिंदेश्वरी दुबे, राजेंद्र बाबू का इसमें अहम योगदान रहा है।

विधायक ने कहा कि केंद्र में जब कांग्रेस की सरकार थी उस समय कोयला उद्योग में असहाय, बेबस और लाचार मजदूरों के आश्रितों को नौकरी देने की प्रक्रिया बनी हुई थी, लेकिन भाजपा सरकार के कार्यकाल वर्ष 2016 के बाद एक बार भी मेडिकल बोर्ड गठित नहीं हो पाया है। इसका दंश हजारों कोयला मजदूर झेल रहे हैं।

विधायक ने कहा कि अब समय आ गया है कि इंटक से संबद्धता प्राप्त राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर यूनियन कोयला मजदूरों की समस्याओं को उठाने के लिए कोल इंडिया में अपना दर्जा हासिल करेगा और मजदूरों के लिए कल्याणकारी काम करेगा।

विधायक सिंह ने क्षेत्र एवं शाखा स्तर पर चयनित पदाधिकारियों के संबंध में कहा कि वे मजदूरों के सुख दु:ख का साथी बने। उनकी बात परियोजना से लेकर मुख्यालय तक रखने का काम करें। वे हमेशा उनके साथ रहेंगे।

मौके पर क्षेत्रीय अध्यक्ष अजय कुमार सिंह के अलावा वेदव्यास चौबे, इस्लाम अंसारी, रंजीत कुमार सिंह, विजय यादव, चंद्रशेखर प्रसाद, मंसूर खान, देवाशीष आस, सुजीत कुमार मिश्रा, दीपू यादव, अजमल हुसैन, मोहम्मद ताबीज, राम कुमार मिश्रा, बिंदु चंद्र हेंब्रम, भीम सेंट लुइस, धनेश्वर यादव, कुंवर प्रताप सिंह, शुभम शर्मा आदि उपस्थित थे।

 359 total views,  1 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *