Advertisement

एथलेटिक में डीएवी गुवा के छात्रों ने बटोरे 12 स्वर्ण, 13 रजत एवं 6 कांस्य पदक

सिद्धार्थ पांडेय/जमशेदपुर (झारखंड)। डीएवी संस्था द्वारा चल रहे नेशनल स्पोर्ट्स के क्लस्टर लेवल एथलेटिक प्रतियोगिता में पश्चिमी सिंहभूम जिला के हद में डीएवी गुवा के बच्चों ने उम्दा प्रदर्शन कर अच्छी पहचान बनाई है।

जानकारी के अनुसार डीएवी झारखंड ए जोन के कलस्टर लेवल एथलेटिक्स प्रतियोगिता का आयोजन डीएवी बहरागोड़ा में किया गया। उक्त विद्यालय के प्राचार्य अनूप कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित एथलेटिक्स प्रतियोगिता में अंडर 19 बॉयज में डीएवी गुवा चैंपियन रहा।

अन्य खेलों मे मिले मेडल में डीएवी गुवा के बच्चों ने 12 गोल्ड, 13 रजत एवं 6 कांस्य पदक प्राप्त कर पूरे क्षेत्र में स्कूल की पहचान बनाई है। ओवरऑल क्लस्टर के बॉयज़ अंडर 19 डीएवी गुवा को सबों ने सराहा। इस अवसर पर स्कूल की प्राचार्या ने तहे दिल से विजेता बच्चों की सराहना की। उन्होने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के तहत डीएवी के बच्चों को खेलों में भाग लेने के लिए प्रमाण पत्र मिलेगा।

प्राचार्या ने कहा कि खेल मानसिक, शारीरिक और सामाजिक विकास के लिए महत्वपूर्ण है। यह हमें स्वस्थ रखने, दिमाग की क्षमता को विकसित करने का अवसर प्रदान करता है। यह हमारे जीवन की गुणवत्ता को बढ़ाता है। हमें सकारात्मक रूप से संघर्ष करने और जीतने की क्षमता प्रदान करता है।

बताया जाता है कि डीएवी स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के मिलने वाले प्रमाण पत्र बच्चों के जीवन के हर क्षेत्र में आगे बढ़ने पर उनके लिए सहायक होगा। साथ ही नियुक्ति में उन्हें अतिरिक्त प्वाइंट मिलेगा। इस सर्टिफिकेट का मूल्यांकन राष्ट्रीय स्तर पर होगा।

अतः बच्चों को पूरा परिश्रम एवं लगन से सफलता के लिए प्रयास करनी चाहिए। प्राचार्या के अनुसार डीएवी गुवा के बच्चों का प्रतिनिधित्व कर रहे शिक्षकों में विनोद कुमार साहू एवं बाल गोपाल सिंह का इसमें सराहनीय योगदान रहा है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *