पुलिस ने स्टोन क्रशर अपहरण कांड के दो आरोपियों को पकड़कर जेल भेजा

प्रहरी संवाददाता/गोमिया (बोकारो)। बोकारो जिला (Bokaro district) के हद में आइईएल पुलिस ने 13 सितंबर को थाना के हद में करमाटांड़ स्टोन क्रशर कांड में शामिल दो आरोपी सहदेव हेम्ब्रम एवं प्रदीप मुर्मू को गिरफ्तार कर तेनुघाट जेल भेज दिया।

जानकारी के अनुसार आइईएल थाना के करमाटांड़ में बीते एक सितंबर की देर रात अपराधकर्मियों ने स्टोन क्रशर पर धावा बोलकर छह कामगारों का अपहरण कर जंगल की ओर ले गये थे। इसे लेकर अपराधियों द्वारा क्रशर मालिक से पैसे की मांग की गयी थी। इस घटना के बाद आईइएल पुलिस ने तफ्तीस के क्रम में बुढगड्डा एवं रोहनिया (विष्णुगढ़) से दो लोगों को गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार घटना के बाद पुलिस के वरीय अधिकारियों द्वारा एक टीम का गठन किया गया। जिसमें गोमियां थाना प्रभारी इंस्पेक्टर आशीष खाखा, आईइएल प्रभारी थाना प्रभारी सुरदीप कुमार महतो एवं चतरोचट्टी थाना प्रभारी विवेक तिवारी शामिल थे। इस संबंध में प्रभारी थाना प्रभारी महतो ने बताया कि घटना के दिन अपराधकर्मियों ने मुमताज अंसारी नामक मजदूर से मोबाइल भी छीन कर ले गए थे।

उसी मोबाइल को एक आरोपी उपयोग कर रहा था। बोकारो के तकनीकी सेल की मदद से पेंक नारायणपुर थाना के हद में बुडगड्ढा निवासी सहदेव हेंब्रम को हिरासत में लेकर पूछताछ की गयी। सहदेव की निशानदेही पर हजारीबाग जिला के हद में विष्णुगढ़ थाना क्षेत्र के रोहनिया निवासी प्रदीप मुर्मू को गिरफ्तार किया गया। दोनों से पूछताछ के बाद आरोपियों ने अपराध कुबूल कर लिया है।

बताया कि इस घटना में तीन चार अन्य लोग भी शामिल थे। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर उनकी तलाश पुलिस कर रही है।

ज्ञात हो कि बीते एक सितंबर की रात करीब 11 बजे अपराधकर्मी आईईएल थाना के करमाटांड़ स्थित एक स्टोन क्रशर में धावा बोलकर 6 कर्मियों का अपहरण कर जंगल की ओर ले गए थे। जिसमें दो महिला कर्मी भी शामिल थी। एक मजदूर को कुछ ही देर में छोड़ दिया गया और कहा गया कि क्रशर मालिक से पैसा लेकर तुरंत आओ।

उस मज़दूर ने घटना की जानकारी क्रशर मालिक को दी। क्रशर मालिक ने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। पुलिस की कार्रवाई से घबराकर अपराधकर्मियों ने शेष पांच मज़दूरों को भी तीन चार घंटे बाद छोड़ दिया था।

 228 total views,  2 views today

You May Also Like

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *