प्रहरी संवाददाता/तेनुघाट (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में पेटरवार प्रखंड के घरवाटांड़ पंचायत में एक साथ सेवानिवृत्त हुए चार सीसीएल कर्मियों का 31 अक्टूबर को ग्रामीणों ने फूल-माला पहनाकर ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया। पूरे गांव में जश्न का माहौल रहा।
ज्ञात हो कि, लगभग 33 एवं 32 वर्ष तक सीसीएल में सेवा देने के बाद सेवानिवृत्त होकर घर लौटे कर्मी सीसीएल के कथारा और स्वांग कोयला क्षेत्र में कार्यरत थे। सेवानिवृत्त होने वालों में शिवनाथ यादव, सहदेव यादव, रामकृष्ण यादव और जीतन यादव शामिल हैं।

बताया जाता है कि गांव पहुंचने पर शिव मंदिर के समीप परिजनों तथा ग्रामीण रहिवासियों द्वारा सेवानिवृत कर्मियों का स्वागत किया गया। ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर नाचते-गाते उनका अभिनंदन किया। महिलाओं ने आरती उतारकर और तिलक लगाकर स्वागत किया। चारों कर्मियों ने बताया कि ईश्वर की बड़ी कृपा है कि कोयला खदान के अंदर काम करने के बाद हम सभी सकुशल सेवानिवृत्त होकर परिवार के पास सुरक्षित लौटे हैं।
स्वागत समारोह में पंचायत के मुखिया पति रामचंद्र यादव, प्रीतम यादव, टिंकू यादव, महेश्वर यादव, दुलारचंद यादव, संजय यादव, अजय प्रकाश यादव, जितेंद्र यादव, कृष्णा यादव सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे।
![]()













Leave a Reply