रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। सेल बोकारो प्रबंधन की कथित मजदूर विरोधी नीतियों और लंबित वेतन समझौते के खिलाफ ट्रेड यूनियन संयुक्त मोर्चा ने 3 अगस्त को बोकारो स्टील प्लांट के हॉट स्ट्रिप मिल विभाग में मजदूरों के बीच जनसंपर्क अभियान चलाया। नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द एनजेसीएस की फुल बेंच बैठक बुलाकर वेतन समझौते सहित लंबित मांगों का समाधान नहीं किया गया, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
इस अवसर पर अपने संबोधन में एटक के महामंत्री रामाश्रय प्रसाद सिंह ने कहा कि सेल प्रबंधन पिछले करीब नौ वर्षों से वेतन समझौते को लंबित रखे हुए है। उन्होंने आरोप लगाया कि बहुमत यूनियन के साथ हुए मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (एमओयू) के चार वर्ष बीत जाने के बावजूद उसे आज तक अंतिम समझौते का रूप नहीं दिया गया।
सीटू के महामंत्री आर.के. गोराई ने कहा कि स्थायी और ठेका मजदूर कठिन एवं असुरक्षित परिस्थितियों में काम करते हुए रिकॉर्ड उत्पादन और मुनाफा दिला रहे हैं, लेकिन उन्हें उनके अधिकारों से वंचित रखा जा रहा है। उन्होंने एरियर भुगतान, ग्रेच्युटी पर लगाई गई सीलिंग और एमओयू को एग्रीमेंट में परिवर्तित नहीं किए जाने पर भी सवाल उठाए।
किम्स एचएमएस के संयुक्त महामंत्री आर.के. सिंह ने केंद्र सरकार के चार लेबर कोड का विरोध करते हुए कहा कि इससे मजदूरों के अधिकार कमजोर होंगे। कहा कि यदि मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में संयुक्त मोर्चा निर्णायक संघर्ष छेड़ने के लिए मजबूर होगा।
![]()













Leave a Reply