अवध किशोर शर्मा/सारण (बिहार)। अंतर्राष्ट्रीय समपार फाटक जागरूकता दिवस के अवसर पर पूर्व मध्य रेलवे के हद में सोनपुर रेल मंडल में 9 जून को रेलवे फाटकों पर सुरक्षा को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया।
इस क्रम में रेल मंडल के हाजीपुर रेलवे स्टेशन के समीप समपार फाटक क्रमांक 55 स्पेशल पर विशेष नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सोनपुर के मंडल रेल प्रबंधक अमित सरन, अपर मंडल रेल प्रबंधक सुमन कुमार तांती सहित अन्य वरिष्ठ रेल अधिकारीगण मौजूद रहे।
इस अवसर पर सोनपुर रेल मंडल के कलाकारों और स्काउट-गाइड सदस्यों ने प्रभावशाली प्रस्तुति के जरिए आमजनों को बंद फाटक पार न करने, रेलवे ट्रैक पर अनधिकृत आवागमन से बचने और सुरक्षा नियमों का पालन करने का संदेश दिया। प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक में दिखाया गया कि थोड़ी सी लापरवाही कैसे बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
इस दौरान रेलवे सुरक्षा से जुड़े बैनर, पोस्टर और पंपलेट भी वितरित किए गए। अधिकारियों ने आमजनों से अपील की कि फाटक बंद होने पर धैर्य रखें और अपनी व दूसरों की सुरक्षा के लिए रेलवे के निर्देशों का पालन करें। सोनपुर रेल मंडल समय-समय पर ऐसे अभियान चलाता है, जिसका उद्देश्य रेल दुर्घटनाओं को रोकना और आमजन में सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है। इस अवसर पर रेल प्रशासन ने यात्रियों व आम जनों से अपील की है कि समय से कहीं अधिक कीमती है आपका जीवन। कहा गया कि बंद समपार फाटक को पार करने का प्रयास न करें।
![]()













Leave a Reply