Advertisement

सीसीएल के लाल एवं लाड़ली योजना के तीन छात्रों ने जी एडवांस्ड में हासिल की सफलता

एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। सार्वजनिक क्षेत्र की महारत्न कंपनी कोल इंडिया लिमिटेड की अनुशंगी सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड द्वारा संचालित सीसीएल के लाल एवं सीसीएल की लाड़ली योजना के तहत अध्ययनरत तीन छात्रों ने जी मेंस में सफलता हासिल की है।

जानकारी के अनुसार सीसीएल की कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) पहल के अंतर्गत संचालित सीसीएल के लाल एवं सीसीएल की लाड़ली योजना के विद्यार्थियों ने जेईई एडवांस्ड 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सीसीएल परिवार, राज्य एवं परिजनों का गौरव बढ़ाया है।
झारखंड की राजधानी रांची में स्थित सीसीएल मुख्यालय के जनसंपर्क विभाग के अनुसार शैक्षणिक वर्ष 2024-2026 में योजना से जुड़े तीन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने जेईई एडवांस्ड परीक्षा में सफलता प्राप्त की है। इनमें पिस्का नगड़ी जिला रांची के आयुष कुजूर ने एसटी श्रेणी में 1242वीं रैंक, टंडवा जिला चतरा की माही प्रिया प्रसाद ने ओबीसी श्रेणी में 11173वीं रैंक तथा रामगढ़ जिला की मेघा कुमारी ने एसटी श्रेणी में 3673वीं रैंक प्राप्त की है।

बताया जा रहा है कि आयुष कुजूर के पिता राजेश उरांव मुलरूप से किसान हैं तथा उनकी माता संगीता देवी गृहिणी हैं। वहीं माही प्रिया प्रसाद के पिता महादेव प्रसाद स्वरोजगार से जुड़े हैं तथा उनकी माता रेशम देवी शिक्षिका हैं। जबकि, मेघा कुमारी के पिता प्रेम कुमार मुंडा किसान हैं तथा उनकी माता झिमा देवी आंगनबाड़ी सेविका हैं।

उपरोक्त तीनों छात्रों की सफलता इस बात का प्रमाण है कि उचित मार्गदर्शन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं सतत प्रयास के माध्यम से ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से साधारण पृष्ठभूमि से आने वाले छात्र-छात्रा भी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं। सीसीएल द्वारा झारखंड की राजधानी रांची में संचालित सीसीएल के लाल एवं सीसीएल की लाड़ली योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर प्रतिभाशाली एवं जरूरतमंद विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराना तथा उन्हें प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं के लिए तैयार करना है। विद्यार्थियों की यह उपलब्धि योजना की सफलता तथा सीसीएल की शिक्षा के क्षेत्र में प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

उल्लेखनीय है कि सीसीएल के लाल एवं लाडली योजना के अंतर्गत छात्रों को निःशुल्क कोचिंग तथा निःशुल्क आवास एवं भोजन की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। जनसंपर्क विभाग के अनुसार सीसीएल प्रबंधन भविष्य में भी शिक्षा एवं कौशल विकास के माध्यम से युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए कृत संकल्पित है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *