एस. पी. सक्सेना/रांची (झारखंड)। झारखंड की राजधानी रांची स्थित सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (सीसीएल) के मानव संसाधन विकास (एचआरडी) विभाग द्वारा 9 जून से खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम (एमएमडीआर एक्ट) पर तीन दिवसीय क्षमता निर्माण एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य अधिनियम में किए गए हालिया संशोधनों के संबंध में अधिकारियों को जागरूक करना तथा नियामकीय प्रावधानों की बेहतर समझ विकसित करना है।
कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में सीसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र, निदेशक (तकनीकी/संचालन) चंद्र शेखर तिवारी, महाप्रबंधक (एचआरडी) एम. एफ. हक, विभागाध्यक्ष (सुरक्षा) मेजर मनीष राज तथा अतिथि संकाय आईपीएस (सेवानिवृत्त) विपुल शुक्ला उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि इस कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों के महाप्रबंधक, स्टाफ ऑफिसर (एचआर), स्टाफ ऑफिसर (माइनिंग), परियोजना पदाधिकारी, खान प्रबंधक एवं अन्य संबंधित अधिकारी भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत महाप्रबंधक (एचआरडी) एम. एफ. हक ने किया। कार्यक्रम में कुल 40 प्रतिभागियों ने भाग लिया ।
इस अवसर पर निदेशक (मानव संसाधन) हर्ष नाथ मिश्र ने एमएमडीआर अधिनियम के महत्व को रेखांकित करते हुए इसके प्रावधानों के अनुपालन की आवश्यकता पर बल दिया।
सीसीएल के जनसंपर्क विभाग के अनुसार इस अवसर पर अपने संबोधन में निदेशक (तकनीकी/संचालन) चंद्र शेखर तिवारी ने कार्यक्रम के आयोजन हेतु एचआरडी विभाग के प्रयासों की सराहना की तथा कहा कि अवैध खनन के प्रति जागरूकता संगठनात्मक हितों की सुरक्षा एवं विधि सम्मत खनन संचालन सुनिश्चित करने के लिए अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को एमएमडीआर अधिनियम से संबंधित विभिन्न प्रावधानों, हालिया संशोधनों एवं उनके व्यावहारिक अनुप्रयोगों की विस्तृत जानकारी प्रदान की जाएगी, जिससे संगठन में अनुपालन संस्कृति को और सुदृढ़ किया जा सके।
![]()













Leave a Reply