रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में कसमार प्रखंड के लिए 18 मई का दिन गौरवपूर्ण रहा। राज्य सरकार द्वारा आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह में मुख्यमंत्री (सीएम) हेमंत सोरेन ने राजधानी रांची में प्रखंड के पांच सहायक अध्यापकों को आचार्य पद पर नियुक्ति पत्र प्रदान किया।
नियुक्ति पत्र मिलने के बाद शिक्षकों एवं उनके परिजनों में खुशी का माहौल है। क्षेत्र के रहिवासियों ने इसे शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। नियुक्ति पत्र प्राप्त करने वालों में लवली जायसवाल, कृष्ण कुमार नायक, राजेंद्र हजाम, परमेश्वर महतो एवं नागेश्वर महतो शामिल हैं।
बताया जाता है कि उपरोक्त सभी शिक्षक लंबे समय से शिक्षा के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहे थे और अब इन्हें आचार्य पद की जिम्मेदारी सौंपी गयी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार लवली जायसवाल कसमार प्रखंड के हद में गोप उत्क्रमित मध्य विद्यालय फुटलाही, कृष्ण कुमार नायक मध्य विद्यालय दांतू, राजेंद्र हजाम एवं परमेश्वर महतो उत्क्रमित मध्य विद्यालय मायापुर तथा नागेश्वर महतो मध्य विद्यालय दुर्गापुर में कार्यरत हैं। नियुक्ति पत्र मिलने के बाद शिक्षकों ने राज्य सरकार एवं सीएम के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर शिक्षकों ने कहा कि नई जिम्मेदारी मिलने से शिक्षा के क्षेत्र में और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करने का संकल्प लिया। कसमार प्रखंड सहित पूरे क्षेत्र में इस उपलब्धि को लेकर खुशी देखी जा रही है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सभी नव नियुक्त आचार्यों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
![]()













Leave a Reply