बोकारो के दुंदीबाजार में माइकिंग, अतिक्रमणकारियों से जगह खाली करने की अपील
रंजन वर्मा/कसमार (बोकारो)। बोकारो में बहुप्रतीक्षित हवाई अड्डा (एयरपोर्ट) सेवा शुरू करने की दिशा में जिला प्रशासन ने अब सख्त रुख अपना लिया है। इसे लेकर दुंदीबाजार के समीप 4 मई को बीएसएल प्रबंधन और बोकारो जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने फेंसिंग के भीतर के रहिवासियों को हटाने के लिए माइकिंग की।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने साफ संदेश दिया कि अब वक्त आ गया है कि रहिवासी स्वेच्छा से जगह खाली करें, ताकि एयरपोर्ट परियोजना को समय पर पूरा किया जा सके। मौके पर मौजूद बीएसएल बोकारो के सुरक्षा अधिकारी कर्नल शेखावत ने रहिवासियों से अपील करते हुए कहा कि विकास कार्यों में सहयोग जरूरी है। उन्होंने नाराजगी जताते हुए कहा कि बार-बार कार्रवाई के बावजूद रहिवासी फिर से अतिक्रमण कर लेते हैं। यहां तक कि हटाए गए बिजली तारों को भी दोबारा जोड़ लेते हैं।
गौरतलब है कि कुछ महीने पुर्व भी बीएसएल ने अतिक्रमण हटाकर इलाके में फेंसिंग करवाई थी, लेकिन उसके बाद भी कई अतिक्रमणकारी फेंसिंग क्षेत्र के अंदर बस गए। अब प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि यहां स्थायी रूप से बाउंड्री वॉल बनाई जाएगी, जिसके लिए जमीन खाली कराना जरूरी है। ज्ञात हो कि बोकारो जिला उपायुक्त अजय नाथ झा के निर्देशानुसार 4-5 मई से बाउंड्री वॉल निर्माण शुरू कर 15 मई तक इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि एयरपोर्ट चालू करने के लक्ष्य को अमली जामा पहनाया जा सके।
![]()













Leave a Reply