Advertisement

विश्व पत्रकार दिवस पर फुसरो के कई पत्रकार सम्मानित

प्रहरी संवाददाता/बेरमो (बोकारो)। विश्व पत्रकार दिवस के अवसर पर 3 मई को बोकारो जिला के हद में मारवाड़ी युवा मंच बेरमो द्वारा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में फुसरो के कई पत्रकारों को सम्मानित किया गया।

जानकारी के अनुसार मारवाड़ी युवा मंच बेरमो द्वारा समाज के चौथे स्तंभ पत्रकार बंधुओं के सम्मान में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम मंच के सदस्य अंकित गोयल के फुसरो बाजार स्थित दुकान के समीप आयोजित किया गया, जहाँ उपस्थित सभी पत्रकारों को अंग वस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर मंच की ओर से पत्रकारों के समाज में योगदान, निष्पक्ष लेखनी और जनहित में उनकी सतत भूमिका की सराहना की गई। कहा गया कि पत्रकार केवल समाचारों के वाहक नहीं, बल्कि समाज की आवाज़ और लोकतंत्र की मजबूती के आधार स्तंभ हैं। ऐसे में उनका सम्मान करना हम सभी का दायित्व है।

कार्यक्रम में मंच के सक्रिय सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिनमें मारवाड़ी युवा मंच के अध्यक्ष संदीप अग्रवाल, अंकित गोयल, दिलीप अग्रवाल, व्यवसायी संघ के निवर्तमान अध्यक्ष वैभव चौरसिया, कृष्ण कुमार सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। ज्ञात हो कि, मारवाड़ी युवा मंच सदैव सामाजिक सरोकारों एवं सम्मान की परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध रहा है। पत्रकार दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम उसी दिशा में एक सार्थक पहल रहा है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *