प्रहरी संवाददाता/गोमिया (बोकारो)। पिछले नौ साल से 95 वर्षीय वृद्धा सुरजमुनि रुके हुए पेंशन भुगतान की मांग को लेकर दर दर भटक रही है। वृद्धा की फरियाद पर इफ्तेखार महमूद ने गोमिया के प्रखंड विकास पदाधिकारी को पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग की है।
जानकारी के अनुसार बोकारो जिला के हद में गोमिया प्रखंड के ग्राम आईयर रहिवासी 95 वर्षीय सूरजमुनि देवी, पति स्वर्गीय बाबूराम मांझी (सेवानिवृत्त सरकारी शिक्षक) की पेंशन का भुगतान भारतीय स्टेट बैंक गोमिया शाखा द्वारा पिछले 9 वर्षों से रोके जाने का मामला सामने आया है। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के बोकारो जिला सचिव इफ्तेखार महमूद ने इस मामले को गंभीरता से उठाते हुए गोमिया के प्रखंड विकास पदाधिकारी को पत्र लिखा है।
महमूद ने पत्र में उल्लेख किया है कि सूरजमुनि को 38 वर्षों तक एसबीआई गोमिया शाखा द्वारा नियमित पेंशन का भुगतान किया गया। वर्ष 2016 में भी लाभुक द्वारा लाइफ सर्टिफिकेट जमा किया गया था। इसके बावजूद बैंक प्रबंधक का कहना है कि लाइफ सर्टिफिकेट के अभाव में पेंशन भुगतान रोक दिया गया। आरोप लगाया गया कि एसबीआई गोमिया शाखा में ग्राहकों के कागजात, बैंक ड्राफ्ट, चेक आदि गुम होने की घटनाएं आम हैं, लेकिन बैंक प्रबंधन ऐसी अव्यवस्था का दोष ग्राहकों पर ही मढ़ देता है।
उन्होंने बताया कि जिला कोषागार पदाधिकारी बोकारो ने बीते 24 फरवरी को बैंक प्रबंधक को पत्र भेजकर झारखंड कोषागार संहिता के प्रावधानों की जानकारी दी थी। कोषागार पदाधिकारी के अनुसार ट्रेजरी ऑर्डर की दूसरी प्रति बैंक को ही निर्गत की जा रही है। लिखित जानकारी के बावजूद बैंक प्रबंधक अनपढ़ और अनभिज्ञ वृद्ध महिला से बार-बार ट्रेजरी ऑर्डर की मांग कर रही हैं। महमूद ने कहा कि बैंक प्रबंधक नियमों का पालन करने के बजाय मनमाना व्यवहार कर रहा हैं, जिससे वृद्धा को 9 साल से पेंशन से वंचित रहना पर रहा है। उन्होंने प्रखंड विकास पदाधिकारी से मामले में हस्तक्षेप कर अविलंब पेंशन भुगतान शुरू कराने की मांग की है।
![]()













Leave a Reply