Advertisement

समस्तीपुर में दर्ज मामले में कार्रवाई नहीं, पीड़ित ने लगाई डीजीपी से गुहार

एस. पी. सक्सेना/समस्तीपुर (बिहार)। समस्तीपुर जिला के हद में मुफस्सिल थाना में दर्ज एफआईआर के बावजूद पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में वार्ड संख्या-34, मगरदही रहिवासी बन्धु प्रसाद ने पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) बिहार को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है।

डीजीपी को बीते 28 अप्रैल को भेजे गये आवेदन में पीड़ित ने कहा है कि वह जनरेटर के माध्यम से बिजली आपूर्ति का कार्य करता है और काशीपुर क्षेत्र में एक जमीन पर झोपड़ी बनाकर व्यवसाय चला रहा था। उक्त जमीन की मालकिन काशीपुर रहिवासी मधु कुमारी को वह नियमित रूप से किराया भी देता रहा है। बावजूद इसके, जमीन खाली कराने के लिए उस पर दबाव बनाया गया।

पीड़ित के अनुसार, विरोध करने पर मालकिन द्वारा असामाजिक तत्वों को बुलाकर उसकी झोपड़ी और जनरेटर सेट को तोड़फोड़ कर क्षतिग्रस्त कर दिया गया तथा वहां मौजूद कर्मियों के साथ मारपीट की गई। इस मामले में बीते वर्ष 16 जून 2025 को मुफस्सिल थाना में कांड संख्या-264/25 दर्ज कराया गया।

इसके बाद भी आरोप है कि आरोपियों द्वारा रात के अंधेरे में चोरी की घटना को अंजाम दिया गया, जिसकी एक अन्य प्राथमिकी कांड संख्या-334/25 दर्ज की गई। बावजूद इसके पुलिस की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से आरोपियों का मनोबल बढ़ा हुआ है।

पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपित लगातार धमकी दे रहे हैं कि जमीन खाली नहीं करने पर पूरे परिवार को बर्बाद कर दिया जाएगा। आवेदन के माध्यम से पीड़ित बंन्धु प्रसाद ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई, क्षतिग्रस्त सामानों का मुआवजा दिलाने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *