Advertisement

हाईकोर्ट के फैसले के बाद इंटक में खुशी की लहर, रेड्डी गुट ने मनाया जश्न

बेरमो विधायक कुमार जयमंगल का कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत

एन. के. सिंह​/बेरमो (बोकारो)। दिल्ली हाईकोर्ट द्वारा इंडियन नेशनल ट्रेड यूनियन कांग्रेस (इंटक) के विवाद पर डॉ जी संजीवा रेड्डी गुट के पक्ष में फैसला सुनाए जाने के बाद कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। इस ऐतिहासिक जीत की खुशी में बोकारो जिला के हद में बेरमो कोयलांचल के ढोरी, बीएंडके तथा कथारा सहित अन्य स्थानों के यूनियन के पदाधिकारियों और समर्थकों में हर्ष व्याप्त है।

समर्थकों ने इंडियन नेशनल माइंस वर्कर्स फेडरेशन के अध्यक्ष सह बेरमो विधायक कुमार जयमंगल उर्फ़ अनूप सिंह के बोकारो जिला के हद में ढोरी स्टाफ क्वाटर स्थित आवास पर पहुंचकर 30 अप्रैल को उन्हें गुलदस्ता भेंट कर, अंगवस्त्र देकर और माला पहनाकर बधाई दी। ​

मौके पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए विधायक कुमार जयमंगल ने केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि यह न्याय लंबी कानूनी लड़ाई और गहन जांच के बाद मिला है। उन्होंने बताया कि डॉ जी संजीवा रेड्डी ने खुद लेबर कमिश्नर से सदस्यता की निष्पक्ष जांच की मांग की थी। जांच रिपोर्ट आने के बाद कोर्ट ने माना कि रेड्डी की टीम ही असली इंटक है। विधायक ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार इस मामले को जानबूझकर लटका रही थी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि श्रम मंत्रालय अब सुप्रीम कोर्ट जाता है, तो यह साफ हो जाएगा कि सरकार मजदूरों के हक के खिलाफ साजिश कर रही है।

उन्होंने कहा कि हाई कोर्ट ने श्रम मंत्रालय को स्पष्ट निर्देश दिया है कि 8 सप्ताह के भीतर हर संबंधित संगठन में इंटक का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जाए। विधायक ने इस जीत का श्रेय डॉ जी संजीवा रेड्डी के कुशल नेतृत्व और न्यायपालिका की निष्पक्षता को दिया है।

यूनियन के अन्य पदाधिकारियों का मानना है कि इस फैसले से न केवल वर्षों से चला आ रहा भ्रम दूर हुआ है, बल्कि विभिन्न औद्योगिक निकायों में मजदूरों की आवाज और बुलंद होगी। कार्यकर्ताओं ने इसे सत्य की जीत करार देते हुए कहा कि अब संगठन पूरी ताकत के साथ श्रमिक कल्याण के कार्यों में जुट सकेगा।

मौके पर बधाई देने वालों मे राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर यूनियन सीसीएल रीजनल अध्यक्ष श्यामल कुमार सरकार, आरसीएमयू नेता हरेंद्र सिंह, शिवनंदन चौहान, सुबोध सिंह पवार, अजय कुमार सिंह, गणेश मल्लाह, उत्तम सिंह, संतोष कुमार सिंह, पवन सिंह, जयराम सिंह, प्रताप सिंह, मो. महफूज आलम, राजेश शर्मा, अंजनी त्रिपाठी, राकेश कुमार, मोहम्मद कलीमुद्दीन, पप्पू राॅय, दिगंबर महतो, मो. रईस आलम, सुषमा कुमारी, रेहाना राज, प्रमोद सिंह, छेदी नोनिया, अमरेंद्र चौहान, अर्जुन चौहान, उदय सिंह, शकील अख्तर, निरंजन सिंह, जमील अख्तर, धर्मेन्द्र सिंह, सुनील दूबे, अजित सिंह, पशुराम सिंह, जिबू विश्वकर्मा, अरुण कुमार, भोला दिगार, रौशन सिंह, चंद्रशेखर प्रसाद, संतोष सिंह, दीपक कुमार, सुरेश ठाकुर, अतहर आदम सहित सैकड़ो समर्थक शामिल थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *