मांगों को लेकर ऐश पौंड के मजदूरों ने कंपनी को नहीं करने दिया कार्य आरंभ
प्रहरी संवाददाता/बोकारो थर्मल (बोकारो)। डीवीसी के बोकारो थर्मल ऐश पौंड से छाई का उठाव नहीं होने को लेकर बीते 6 मार्च की मध्य रात्रि से बंद 500 मेगावाट वाले ए पावर प्लांट की यूनिट को बीते 11 मार्च की अर्ध रात्रि लगभग सवा बारह बजे लाईट अप कर दिया गया।
बताया जाता हैं कि 12 मार्च की सुबह पौने सात बजे यूनिट से उत्पादन आरंभ हो गया। इधर डीवीसी बोकारो थर्मल के ऐश पौंड से छाई का उठाव करने को लेकर कंपनी शर्मा कंस्ट्रक्शन के रवि भारद्वाज 12 मार्च को पहुंचे। ऐश पौंड में कार्य करनेवाले सभी 54 मजदूरों ने गोविंदपुर ए पंचायत के पंचायत समिति सदस्य अख्तर अंसारी के नेतृत्व में कंपनी को कार्य आरंभ करने नहीं दी। आंदोलन कर रहे मजदूरों एवं पंसस का कहना था कि मजदूरों का पूर्व में चार माह तक ऐश पौंड का कार्य बंद रहने के कारण भुगतान नहीं किया गया था।
इसे लेकर बेरमो एसडीओ मुकेश मछुवा, बोकारो के अपर समाहर्ता तथा मजदूर प्रतिनिधियों एवं डीवीसी के प्रतिनिधियों के बीच बीते वर्ष 13 नंवबर को बकाया राशि का भुगतान सहित कई मांगों को लेकर वार्ता हुई थी। वार्ता में लिखित रुप से समझौता वार्ता तय हुआ था कि डीवीसी प्रबंधन छाई का उठाव करनेवाली कंपनी को बकाया राशि का भुगतान करने के पूर्व उसके बिल से मजदूरों की बकाया राशि काटकर एक माह के अंदर भुगतान करने का कार्य करेगी। वार्ता के चार माह बाद प्रबंधन ने मजदूरों का भुगतान नहीं करवाया है, जिसके कारण मजदूरों में रोष है। साथ ही कार्य करनेवाले सभी मजदूरों का ईपीएफ एवं ईएसआई की कटौती करने सहित परिचय पत्र निर्गत करने की मांग शामिल थी।
आउटसोर्सिंग मजूदरों ने 12 मार्च को कार्य आरंभ करने आई शर्मा ट्रांसपोर्ट कंपनी से ही बकाया राशि का भुगतान एक माह का नौ लाख रुपया कर कार्य आरंभ करने की मांग रखी।आउटसोर्सिंग ठेका कंपनी के रवि भारद्वाज ने कहा कि छाई का उठाव करनेवाली सभी चारो कंपनी मामले को लेकर डीवीसी प्रबंधन के साथ बैठकर मजदूरों की मांगों पर वार्ता करेगी, उसके बाद ही कार्य आरंभ किया जाएगा। मजदूरों द्वारा कंपनी को कार्य आरंभ करने नहीं देने की सूचना पाकर वरीय जीएम ओएंडएम मधुकर श्रीवास्तव, जीएम ऐश मैनेजमेंट राजेश विश्वास, उप महाप्रबंधक प्रशासन एए कुजूर, गिरिडीह सांसद प्रतिनिधि जितेंद्र यादव, पंचायत के मुखिया पति महबूब आलम ऐश पौंड पहुंचे और मामले की जानकारी ली।
डीवीसी के जीएम ने कंपनी के प्रतिनिधि से बात की, परंतु कहा गया कि चारो कंपनी मामले को लेकर एक साथ वार्ता करेगी, उसके बाद ही निदान संभव है। बाद में डीवीसी के उपरोक्त सभी वरीय अधिकारियों ने आपस में वार्ता की तथा कहा कि मजदूरों के चार माह के बकाया राशि के भुगतान का निराकरण कर दिया जाएगा।
डीवीसी बोकारो थर्मल के वरीय महाप्रबंधक ओएंडएम सह प्रभारी एचओपी मधुकर श्रीवास्तव ने कहा कि पावर प्लांट को 11 मार्च की रात्रि लाईट कर दिया गया था। दूसरे दिन सुबह पौने सात बजे यूनिट का सिंकोनाइज के बाद फूल लोड पर विद्युत उत्पादन हो रहा है।
![]()













Leave a Reply