प्रहरी संवाददाता/तेनुघाट (बोकारो)। बोकारो जिला के हद में बेरमो अनुमंडल मुख्यालय तेनुघाट स्थित व्यवहार न्यायालय में 12 सितंबर को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत में कुल 8965 मामलों का निष्पादन किया गया और लगभग 8 करोड़ 72 लाख 13 हजार रुपये की समझौता राशि वसूल की गई।
जानकारी के अनुसार राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल संचालन के लिए व्यवहार न्यायालय तेनुघाट में तीन बेंचों का गठन किया गया था। प्रथम बेंच में कुटुंब न्यायालय प्रेमनाथ पांडेय एवं अधिवक्ता शैलेश कुमार सिन्हा, द्वितीय बेंच में जिला जज प्रथम फहीम किरमानी एवं अधिवक्ता विनोद कुमार गुप्ता तथा तृतीय बेंच में प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी राजकुमार पांडेय एवं अधिवक्ता प्रशांत पाल मौजूद थे।

इस संबंध में प्रथम श्रेणी न्यायिक दंडाधिकारी राजकुमार पांडेय ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत के निष्पादन से यह प्रतीत होता है कि लोक अदालत पर आमजनों का विश्वास जागा है और आपसी समझौते से मामलों का निष्पादन करवाया जा रहा है। इससे क्षेत्र में आपसी दोस्ताना संबंध भी बना रहता है।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में चेक बाउंस के 39 मामलों में लगभग 67 लाख रुपये, बैंक के 386 मामलों में लगभग 1 करोड़ 54 लाख रुपये और बिजली विभाग के 8374 मामलों में लगभग 6 करोड़ 20 लाख रुपये की समझौता राशि सहित अन्य कई मामलों का निष्पादन किया गया। उन्होंने लोक अदालत की सफलता के लिए सभी न्यायिक पदाधिकारियों, अधिवक्ता, अधिवक्ता लिपिक, न्यायालय कर्मियों, पीएलवी एवं सभी विभागों के अधिकारियों को साधुवाद दिया।
![]()













Leave a Reply